'बैठक से पहले ही गठबंधन टूट गया, अखिलेश-स्टालिन-केजरीवाल कहां थे?', शिवराज सिंह चौहान ने INDI ब्लॉक की मीटिंग पर उठाए सवाल
शिवराज सिंह चौहान ने INDI ब्लॉक की बैठक पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस बैठक में अखिलेश यादव, एमके स्टालिन अरविंद केजरीवाल समेत अन्य नेताओं की गैरमौजूदगी पर कहा कि यह गबठबंधन बैठक से पहले ही बिखर गया।
- भारत
- 3 min read

Shivraj Singh Chouhan: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को विपक्षी दलों के गठबंधन INDI ब्लॉक की बैठक पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बैठक से पहले ही गठबंधन बिखर गया। इसके साथ ही उन्होंने बैठक में अखिलेश यादव, एमके स्टालिन, अरविंद केजरीवाल, हेमंत सोरेन समेत अन्य की गैर-मौजूदगी पर सवाल उठाए।
शिवराज सिंह चौहान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, 'एक के बाद एक चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद देश ये सोचता था कि ये अपनी गलतियों पर जनता से माफी मांगेंगे और आत्मचिंतन करेंगे। लेकिन कांग्रेस ने तय कर रखा है कि हम नहीं सुधरेंगे। लगातार कांग्रेस, चाहे मल्लिकार्जुन खड़गे हो या राहुल गांधी हो अपनी गलतियों पर माफी मांगने के बजाय भ्रम फैला रहे हैं, झूठ बोल रहे हैं, मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।'
बैठक से पहले ही गठबंधन बिखर गया- शिवराज
उन्होंने आगे निशाना साधते हुए कहा, 'आज INDI गठबंधन की बैठक थी। लेकिन बैठक से पहले ही गठबंधन बिखर गया। यूपी जैसा राज्य जहां चुनाव होने वाले हैं, कहां थे अखिलेश यादव? अगर मुद्दा इतना महत्वपूर्ण है तो अखिलेश यादव क्यों बैठक में शामिल नहीं हुए। कहां हैं स्टालिन? DMK ने तो यह तक कह दिया कि जहां कांग्रेस रहेगी, वहां हम बैठेंगे ही नहीं। कहां हैं अरविंद केजरीवाल? उद्धव ठाकरे भी वर्चुअली ही जुड़े और हेमंत सोरेन का तो अता-पता ही नहीं। INDI गठबंधन की हालत तो ये हो गई है कि एक दिल के टुकड़े हजार हुए, कुछ यहां गिरे, कुछ वहां गिरे!'
'INDI गठबंधन राहुल गांधी को नेता मानने को तैयार नहीं'
इतना ही नहीं, उन्होंने कांग्रेस नेता पर हमला बोलते हुए कहा, 'सच बात तो ये है कि INDI गठबंधन राहुल गांधी को नेता मानने के लिए ही तैयार नहीं है। ये अपने आप को फिर से रिलॉन्च करने की कोशिश कर रहे हैं। INDI गठबंधन तो राहुल गांधी को नेता मानता ही नहीं, लेकिन कांग्रेस की वर्किंग कमेटी की बैठक में भी राहुल गांधी कह रहे थे कि मुझ पर भरोसा करो। मतलब कांग्रेस को ही राहुल गांधी जी पर भरोसा नहीं है।'
Advertisement
बैठक का नतीजा क्या निकला?- शिवराज
उन्होंने कहा कि INDI गठबंधन की बैठक का नतीजा क्या निकला? शून्य विजन, 100% हताशा, और हार का एडवांस बहाना। आने वाले चुनाव के पहले ही इन्होंने अपनी हार की भूमिका बना ली है ये अभी हार के बहाने ढूंढ रहे हैं।
INDI ब्लॉक के मार्च पर कसा तंज
शिवराज सिंह चौहान ने INDI ब्लॉक के जिला स्तर पर 'लोकतंत्र बचाओ मार्च' निकालने के ऐलान पर कहा कि इन्होंने 2 से लेकर 8 अक्टूबर तक का एक कार्यक्रम घोषित किया है-'लोकतंत्र बचाओ' मार्च। ये लोकतंत्र बचाओ नहीं, बल्कि 'परिवार बचाओ' मार्च है। लेकिन लोगों ने तय कर लिया है कि अब परिवारवाद की राजनीति नहीं चलेगी। राहुल गांधी ने बंगाल चुनाव के पहले वीडियो जारी कर कहा था कि बंगाल में ममता बनर्जी की गलतियों के कारण बीजेपी जीत रही है। फिर भी, जब भी चुनाव आते हैं, कांग्रेस अपनी राजनीतिक नाकामियों पर विचार करने के बजाय संस्थाओं पर सवाल उठाने और संवैधानिक निकायों का राजनीतिकरण करने लगती है।