'मैं 13 साल से परेशान हूं…', चाकू और चापड़ लेकर स्कूल पहुंची महिला प्रधानाचार्य, BSA ने तत्काल किया निलंबित

कौशांबी के एक प्राथमिक विद्यालय में महिला प्रधानाचार्य चाकू और चापड़ लेकर स्कूल पहुंच गईं। उनके हाथ में हथियार देखकर बच्चे सहम गए और पूरे स्कूल में दहशत फैल गई। बच्चों को सुरक्षित आंगनबाड़ी केंद्र में शिफ्ट करना पड़ा।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Kaushambi Principal arrives at school with a knife and cleaver panic spreads among children
सुरक्षा के नाम पर चाकू-चापड़? | Image: X

Kaushambi News : उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले से बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां कड़ा ब्लॉक स्थित प्राथमिक विद्यालय लुकिया डोरमा में शुक्रवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। स्कूल की इंचार्ज महिला प्रधानाचार्य शिखा सिंह चाकू और चापड़ लेकर स्कूल पहुंच गईं।

प्रधानाचार्य के हाथों में चाकू और चापड़ देख बच्चों और शिक्षकों में दहशत फैल गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उनके हाथ में ये तेज धार वाले हथियार देखकर स्कूल के बच्चे सहम गए।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि प्रधानाचार्य स्कूल के अंदर और कक्षाओं में इन हथियारों के साथ घूम रही थीं। जब कोई व्यक्ति घटना का वीडियो बना रहा था, तो उन्होंने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया और दूसरों को डराने की कोशिश की। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें तुरंत पास के आंगनबाड़ी केंद्र में शिफ्ट कर दिया गया।

अभिभावकों में डर का माहौल

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो देखकर हर कोई हैरान है। कई बच्चों ने डर के कारण स्कूल आना बंद कर दिया है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूल शिक्षा और संस्कार की जगह है, यहां हथियार लेकर आना बच्चों के मन पर बुरा असर डालता है।

Advertisement

प्रधानाचार्य ने क्यों उठाया चाकू?

प्रधानाचार्य शिखा सिंह ने बाद में मीडिया और पुलिस के सामने दावा किया कि पिछले 13 साल से उन्हें परेशानियां हो रही हैं, इसलिए उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए ये हथियार रखे थे। हालांकि, उन्होंने किसी खास खतरे का जिक्र नहीं किया।

FIR दर्ज कर जांच शुरू

ये पूरे घटनाक्रम की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रधानाचार्य को समझाया, उनके पास से चाकू और चापड़ जब्त कर लिए। सहायक अध्यापक विकास सिंह की शिकायत पर सैनी थाने में शिखा सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Advertisement

तत्काल प्रभाव से निलंबित

शिक्षा विभाग ने भी तुरंत सख्त कार्रवाई की। बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) डॉ. कमलेंद्र कुशवाहा ने शिखा सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार ने बताया कि परिवार वालों से बातचीत में पता चला कि प्रधानाचार्य की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की जानकारी मिली है।

इस घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। शिक्षा विभाग का कहना है कि स्कूल परिसर में हथियार लाना बिल्कुल अस्वीकार्य है और जांच रिपोर्ट आने के बाद और सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों स्तर पर जांच जारी है।

ये भी पढ़ें: पेट्रोल के बाद पाकिस्तान में बिजली संकट, सिंध में शिक्षा विभाग के कार्यालय ठप, एडमिशन प्रक्रिया भी ठप

Published By:
 Sagar Singh
पब्लिश्ड