पाकिस्तान में तेजी से बिगड़ रहे हालात, पेट्रोल के बाद अब गहराया बिजली संकट, सिंध में शिक्षा व्यवस्था चरमराई; कई दफ्तरों में कामकाज ठप
पाकिस्तान के सिंध प्रांत में बिजली की लगातार कटौती ने कराची के शिक्षा विभाग के कई महत्वपूर्ण कार्यालयों को प्रभावित कर दिया है। पिछले तीन हफ्तों से प्राइवेट स्कूलों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, सरकारी कॉलेजों में दाखिले और प्रमाण-पत्र जारी करने जैसी सेवाएं ठप हैं। अधिकारियों का दावा है कि बिल चुका दिए गए हैं, फिर भी बिजली नहीं आ रही है।
- अंतरराष्ट्रीय न्यूज
- 2 min read

पाकिस्तान में पेट्रोल के बाद अब बिजली की समस्या गहरा गई है। सिंध प्रांत में लगातार बिजली कटौती ने शिक्षा विभाग के कई अहम सरकारी कार्यालयों में कामकाज को ठप कर दिया है। प्रशासनिक कामकाज, ऑनलाइन सेवाएं और आम लोगों के कामकाज पिछले तीन हफ्तों से बुरी तरह प्रभावित हैं।
अधिकारियों का दावा है कि बिजली के सभी बिल समय पर चुकाए गए हैं, फिर भी स्थिति में कोई सुधार नहीं आ रहा। इस संकट से सबसे ज्यादा प्रभावित कार्यालय डायरेक्टोरेट जनरल कॉलेजेज सिंध, रीजनल डायरेक्टोरेट गवर्नमेंट कॉलेजेज सिंध और रीजनल डायरेक्टोरेट प्राइवेट स्कूल्स कराची हैं।
लंबे समय तक बिजली न मिलने से शिक्षा विभाग के कंप्यूटर सिस्टम, इंटरनेट और प्रिंटिंग सेवाएं ठप हई हैं। प्रभावित होने वाली सेवाओं में
- प्राइवेट स्कूलों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
- कंप्यूटराइज्ड प्रमाण पत्र जारी करना
- शिकायतों का निवारण
- सरकारी कॉलेजों में एडमिशन संबंधी प्रक्रिया शामिल है।
3-4 घंटे आ रही बिजली
सबसे ज्यादा परेशानी डायरेक्टोरेट ऑफ इंस्पेक्शन एंड रजिस्ट्रेशन ऑफ प्राइवेट इंस्टीट्यूशन को हो रही है। यहां कर्मचारियों को दिन में सिर्फ 3-4 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। आमतौर पर सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक और शाम 4 बजे के बाद बिजली गुल रहती है। डिप्टी डायरेक्टर ऑफ इंस्पेक्शन ने बताया कि बिल चुकाने के बावजूद बार-बार शिकायत करने के बाद भी कोई राहत नहीं मिली है।
Advertisement
एडमिशन प्रक्रिया भी ठप
इतना ही नहीं, सरकारी कॉलेजों में एडमिशन के लिए आने वाले छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और स्कूल संचालकों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। कई लोग बिना अपना काम पूरा कराए ही वापस लौट रहे हैं। यहां तक की कॉलेज में एडमिशन प्रक्रिया भी ठप है।
कार्यालय भवन की तीनों मंजिलों में बिजली न होने से पंखे और एयर कंडीशनर बंद हैं। कर्मचारी भीषण गर्मी में बाहर निकलकर काम करने को मजबूर हैं। यह बिजली संकट सिंध के शिक्षा विभाग की डिजिटल सेवाओं को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है और आम लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।