कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट में अब तक 8 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत, मालिक सहित 6 लोगों के खिलाफ FIR; योगी सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
Kaushambi Firecracker Explosion: सोमवार को कौशांबी में हुए पटाखा फैक्ट्री में मौतों की संख्या 11 हो गई है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए मालिक सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, CM योगी ने मुआवजे का ऐलान किया है।
- भारत
- 3 min read

Kaushambi Firecracker Explosion: सोमवार, 31 अगस्त को उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर आई, जहां एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास में स्थित अन्य मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए।
इस हादसे को लेकर शुरुआत में बताया गया कि कुछ लोग घायल हुए हैं, लेकिन शाम होते-होते खबर आई कि इस हादसे में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग लापता बताए जा रहे हैं। आशंका है कि वो लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। वहीं, एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट के बाद योगी सरकार ने कार्रवाई करते हुए मालिक सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए मुआवजे का ऐलान भी किया है।
हादसे में 8 बच्चों समेत 11 लोगों की मौत
कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट में अभी तक 11 लोगों के मौत की खबर है। मृत में आठ बच्चे सहित कुल 11 लोगों की मौत हुई है। मृत में तीन महिलाएं समेत 8 पुरुषों की मौत की खबर है। मिली जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान प्रियांजलि – 5 वर्ष/महिला, प्रवीण सिंह – 13 वर्ष/पुरुष, जाह्नवी – 12 वर्ष/महिला, आदित्य – 12 वर्ष/पुरुष, रवि – 8 वर्ष पुरुष, ज्ञान सिंह – 40 वर्ष/पुरुष, आदित्य – 8 वर्ष/पुरुष, अंजू – 32 वर्ष/महिला, विक्रम सरोज – 35 वर्ष/पुरुष, अंश – 6 वर्ष/पुरुष और नन्हा – 4 वर्ष/पुरुष के रूप में हुई है। वहीं, चार लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। आशंका है कि लापता लोग मलबे में दबे हो सकते हैं।
Advertisement
मालिक सहित 6 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
जिला कौशांबी के DM अमित पाल शर्मा ने पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके की घटना पर कहा, "अभी मौके पर SDRF-NDRF की रेस्क्यू टीम लगी हुई हैं। अभी 11 लोगों की मृत्यु होने की सूचना है। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। लगभग 5 लोग घायल हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करके वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसपर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
CM योगी ने किया मुआवजे का ऐलान
कौशांबी घटना के बाद सीएम योगी ने एक्स पर लिखा 'जनपद कौशाम्बी में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।
Advertisement
स्थानीय अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने तथा पीड़ित परिवारों से संपर्क कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को ₹02-02 लाख तथा घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु भी निर्देशित किया है।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।'