UP Election: यूपी विधानसभा चुनाव के रण में उतरेगी JDU, बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने बताया अकेली या संगठन के साथ चलेगी पार्टी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में JDU अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसकी तैयारियां शुरू हो गई। वाराणसी में JDU के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया था, जिसमें चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई।
- भारत
- 3 min read

बिहार की सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (JDU) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। पार्टी खासकर पूर्वांचल क्षेत्र की करीब 60 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही है, जहां कुर्मी और कुशवाहा मतदाताओं की अच्छी संख्या है। वाराणसी में आयोजित JDU के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारी के लिए निर्देश दिए। बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने अब पार्टी की चुनाव की तैयारियों को लेकर जानकारी दी है।
वाराणसी में आयोजित JDU के राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा, बिहार सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री व उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार, स्वास्थ्य मंत्री निशांत तथा अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान सहित कई नेता मौजूद रहे। सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने अपने कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए अभी से तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए गए।
यूपी चुनाव में दम दिखाएगी JDU
JDU के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारियों पर बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा, "उत्तर प्रदेश में संगठन का जो विस्तार हुआ है उसके लिए कार्यकर्ताओं को हमने बुलाया था। कार्यकर्ता सम्मेलन किया था। वहां जो संगठन बढ़ा है उसकी एक झलक वहां मिली है। लगता है और तेजी से JDU का संगठन बढ़ेगा और आने वाले चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए हमारे कार्यकर्ता तैयार हैं।" उन्होंने बताया कि पार्टी अकेले दम पर लड़ेगी या गठबंधन के साथ, यह फैसला बाद में लिया जाएगा।"
निशांत ने कार्यकर्ताओं को दिए दिशा-निर्देश
वहीं, सम्मेलन को संबोधित करते हुए निशांत ने कहा था, नीतीश कुमार के न्याय के साथ विकास के विजन को यूपी में भी जदयू बढ़ाएगा । हमारा लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश में जदयू एक ऐसे संगठन के रूप में खड़ा हो, जो जनता की आवाज बने, उनके मुद्दों की लड़ाई लड़े और जनता की बेहतरी के लिए काम करे।उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करें और अभी से चुनाव की तैयारी में जुटें।