अपडेटेड 11 July 2025 at 17:30 IST
ट्रेन पर पथराव करने वाले युवकों की पुलिस ने कराई 'मुर्गा वॉक', जौनपुर से वीडियो हुआ था वायरल
जौनपुर में ट्रेन पर पथराव करने वाले युवकों को यूपी पुलिस ने मुर्गा वॉक करवाई। वीडियो वायरल होने के बाद इन सभी आरोपियों की पहचान हो पाई थी।
- भारत
- 2 min read
Jaunpur train stone pelting: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में बारात में हुए विवाद के बाद कुछ युवकों ने इंटरसिटी ट्रेन को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव किया। इस घटना से ट्रेन में बैठे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। पत्थरबाजी के चलते ट्रेन की कई खिड़कियों के शीशे टूट गए और कुछ यात्री घायल भी हुए।
यह शर्मनाक घटना बरसठी थाना क्षेत्र के कटवार हाल्ट और सरसरा हाल्ट के बीच हुई। रायबरेली जा रही इंटरसिटी ट्रेन पर अचानक कुछ युवकों ने पत्थरों की बौछार कर दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस हमले की शुरुआत एक बारात में हुए विवाद के बाद हुई। ट्रेन में अचानक हुई इस पत्थरबाजी से अफरातफरी मच गई।
वायरल वीडियो से मिली मदद, पुलिस सख्त
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें आरोपियों को पथराव करते देखा गया। वीडियो के संज्ञान में आते ही एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों को 'मुर्गा वॉक' की सजा दी, जिसका वीडियो अब इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा है। SP ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने कहा कि, कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Advertisement
ट्रेन यात्रियों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद यात्री काफी सहमे हुए थे और रेल प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे और स्थानीय पुलिस क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की योजना बना रही है। यूपी पुलिस की तेजी और सख्ती ने एक बार फिर साबित किया कि कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वायरल वीडियो से मिली जानकारी के आधार पर हुई ये कार्रवाई कानून के प्रति विश्वास को मजबूत करती है।
Advertisement
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 11 July 2025 at 17:30 IST