बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा, देर रात दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में 5 की मौत; 2 घायल
यूपी के बलरामपुर में एक दर्दनाक हादसा हुआ है जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
- भारत
- 3 min read

UP: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हुआ है जिसमें दो बाइकों की आमने-सामने भीषण टक्कर ने पांच परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली। इस भयानक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उनके परखच्चे उड़ गए। इस दौरान बाइक पर सवार लोग करीब 5-10 फीट दूर जाकर गिरे।
आपस में दोस्त थे पांचों युवक
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं पुलिस ने सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं डॉक्टरों ने जांच के बाद पांचों युवकों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि इस हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवक आपस में दोस्त थे।
कब हुआ भीषण हादसा?
बलरामपुर पुलिस ने बताया, ‘उतरौला-बलरामपुर मार्ग पर अक्सी बड़हरा गांव के पास देर रात करीब 11 बजे एक दुर्घटना हुई, जिसमें पांच युवकों की मौत हो गई। घटनास्थल के निरीक्षण से ऐसा लग रहा है कि एक या दो लोग पैदल जा रहे थे। वहीं दो आमने-सामने से आ रहे मोटर साइकिलों की टक्कर हुई है। इसी टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और दो घायल हुए हैं।’
Advertisement
उन्होंने आगे बताया कि घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेज दिया गया और सभी मृतकों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में गौरियनडीह निवासी मोहम्मद फारूक (17) पुत्र हैदर अली व सलीम (17) पुत्र मोहम्मद रईस, बरदही बाजार (उतरौला) निवासी गुफरान (18) पुत्र नूर मोहम्मद, छपरतलवा (श्रीदत्तगंज) निवासी तौफीक (19) पुत्र मैनुद्दीन और चंदापुर चिताही (श्रीदत्तगंज) निवासी फजल मोहम्मद (23) पुत्र नजर मोहम्मद शामिल हैं। वहीं, इस हादसे में बड़हरा कोट निवासी मुज्जमिल (22) पुत्र सिकंदर अली और नाहिद रजा (18) पुत्र समीर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी उतरौला से जिला अस्पताल बलरामपुर रेफर किया गया है।
कोहरा के कारण हुआ भयंकर हादसा
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक निरीक्षण में पैदल जा रहे लोगों को बचाने के प्रयास में बाइकों की भिड़ंत होने की आशंका प्रतीत हो रही है। इसके अलावा दुर्घटना का कारण कोहरा भी हो सकता है।