स्कॉर्पियो से आए और गोलियों से भून दिया...शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या, 'भरी कोर्ट में गोली मारेंगे' गाने से हुए थे फेमस
उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां यूट्यूबर और हरियाणवी एक्टर-सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
- भारत
- 3 min read

उत्तर प्रदेश के शामली में बुधवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां यूट्यूबर और हरियाणवी एक्टर-सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शामली कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है। अंकित बालियान शाम के वक्त जिम गए थे और वहां से बाहर निकलकर जैसे ही आए, बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। ताबड़तोड़ गोलियां चलने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। अंकित को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अंकित बालियान की हत्या के लिए बदमाशों अंधाधुंध करीब 12 राउंड फायरिंग की जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। बदमाश पहले से घात लगाकर अंकित बालियान का इंतजार कर रहे थे। बता दें कि मूल रूप से शामली के बंतीखेड़ा गांव के रहने वाले अंकित बालियान ने हरियाणवी मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनका गाना ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान’ काफी लोकप्रिय हुआ था।
जिला पंचायत चुनाव की तैयारी कर रहे थे अंकित
बताया जा रहा है कि अंकित बालियान इन दिनों जिला पंचायत चुनाव की तैयारी भी कर रहे थे। ऐसे में उनकी अचानक हत्या की खबर सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि, उनकी हत्या के पीछे असल वजह क्या थी, यह अभी साफ नहीं हो सकी है। पुलिस फिलहाल हत्या से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के बाद ही वारदात की वजह और इसके पीछे शामिल लोगों के बारे में स्थिति साफ हो सकेगी।
Advertisement
पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच टीम फुटेज के जरिए हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात से पहले अंकित बालियान की गतिविधियां क्या थीं और हमलावर किस तरह मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद हत्या की पूरी वजह और वारदात में शामिल आरोपियों की जानकारी सामने आ सकेगी।
अंकित बालियान की हत्या पर पिता की चेतावनी
Advertisement
अंकित बालियान की हत्या के मामले में उनके पिता सत्यवीर सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि उनके बेटे के हत्यारे को उनके सामने लाया जाए। पिता ने कहा, “जो भी हत्यारा है उसे सामने लाओं, नहीं धरना जारी रहेगा।” दरअसल अंकित बालियान के पिता सत्यवीर सिंह बेटे की हत्या के बाद प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने कहा, "मेरे सामने उस व्यक्ति को लेकर आओ, जिसने मेरे बेटे की हत्या की। हमारी बस यही मांग है। इससे ज्यादा हम कुछ नहीं चाहते हैं, हमारा धरना प्रदर्शन ऐसे ही जारी रहेगा।
गोगी ग्रुप ने ली हत्या की जिम्मेदारी
वारदात से जुड़ा एक CCTV भी सामने आया है। इसमें जिम के बाहर दो बाइक पर सवार चार संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं। इस बीच, हरियाणा के ‘गोगी ग्रुप’ नाम के गिरोह ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली है। इंस्टाग्राम पर गैंग से जुड़े सोनीपत निवासी भोलू शाहपुरिया नाम के शख्स ने एक पोस्ट शेयर कर लिखा- यह जो शामली में अंकित बालियान का मर्डर हुआ है, इसकी पूरी जिम्मेदारी मैं, भोलू शाहपुरिया (सोनीपत) लेता हूं। यह हमारे दुश्मनों का साथ देता था। हमारे गोगी भाई के साथ हुई घटना पर इसने गाना बनाया था। इसका अंजाम इसको मिल गया। जो भी हमारे दुश्मनों का साथ देगा, उन सबका यही हाल होगा। यह तो शुरुआत है।