UP: आंख में मिर्ची पाउडर डाला और चाकू से कर दिए 17 वार, UPSC एस्पिरेंट ने गर्लफ्रेंड के लिए भाई को उतारा मौत के घाट
Gonda News: गोंडा में UPSC की तैयारी कर रहे युवक ने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। आरोपी ने गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए भाई से पैसे मांगे। मना करने पर उसने भाई की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
- भारत
- 3 min read

Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सगे छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की साजिश किसी पेशेवर अपराधी ने नहीं, बल्कि दिल्ली और लखनऊ में रहकर UPSC की तैयारी करने वाले खुद के ही भाई ने कर दी।
आरोपी अमरनाथ दुबे ने पैसे के विवाद और अपनी प्रेमिका के खर्चों को पूरा करने के लिए अपने बड़े भाई शिवशंकर दुबे पर चाकू से 17 वार किए और दुनिया को बताने के लिए लूट और हत्या की झूठी कहानी गढ़ दी।
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी अमरनाथ दुबे प्रयागराज और दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर चुका था और वर्तमान में लखनऊ में UPSC की कोचिंग कर रहा था। इस दौरान उसका एक लड़की के साथ अफेयर शुरू हो गया। इसके बाद वह काफी पैसे खर्च करने लगा। जब उसने नई कोचिंग जॉइन करने के लिए अपने बड़े भाई से एक लाख रुपये मांगे, तो भाई ने पैसे देने से इनकार कर दिया। क्योंकि उसे लगा कि वह रुपए उस लड़की पर खर्च कर देगा।
इस पर भाई ने कहा कि उस लड़की को छोड़ दो.. हम रुपए दे देंगे। नहीं तो गांव आकर खेती-बाड़ी में हाथ बंटाओ। बड़े भाई की यह बात अमरनाथ को अच्छी नहीं लगी। वह उससे जलन रखने लगा। उसे लगने लगा कि उसका बड़ा भाई उसके भविष्य और निजी जीवन के बीच आ रहा है।
Advertisement
आंखों में मिर्च पाउडर डालकर चाकू से किए 17 वार
अमरनाथ ने अपने भाई को रास्ते से हटाने के लिए बेहद सोची-समझी साजिश रची। उसने 27 जनवरी को बाजार से एक चाकू खरीदा और उसकी धार तेज करवाई। 3 फरवरी की रात जब उसके माता-पिता प्रयागराज में कल्पवास के लिए गए हुए थे, तब उसने मौका पाकर भाई को खेत में पानी लगाने के बहाने बुलाया।
सुनसान जगह पर पहुंचते ही अमरनाथ ने भाई की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ 17 वार कर दिए। हत्या के बाद उसने भाई की जेब से 31,500 रुपये लूट लिए और साक्ष्यों को छुपाने के लिए उन्हें खेत की मेड़ में दबा दिया।
Advertisement
मोबाइल लोकेशन ने खोला राज
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद चिल्लाते हुए गांव की ओर भागा और शोर मचाया कि कुछ अज्ञात बदमाशों ने उसके भाई को मार दिया है। उसने पुलिस को बताया कि वह और उसका भाई खेत जा रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ।
हालांकि, पुलिस को उसके बार-बार बदलते बयानों पर शक हुआ। जब सर्विलांस टीम ने मोबाइल लोकेशन की जांच की, तो पता चला कि घटना के वक्त वहां सिर्फ उन दोनों भाइयों के मोबाइल ही सक्रिय थे। कड़ाई से पूछताछ करने पर अमरनाथ ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर खून से सने नोट भी बरामद कर लिए गए हैं।