अपडेटेड 12 October 2025 at 10:10 IST
लिव इन रिलेशन, एक लाख की सुपारी...पत्नी ने करा दी पति की हत्या, सामने कटवाया गला; कंपा देगी गाजियाबाद के बेवफा बीवी की साजिश
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां के लिंक रोड थाना क्षेत्र से लापता हुए युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने युवक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है।
- भारत
- 4 min read

Show Quick Read
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में रिश्तों को कलंकित करने वाली एक वारदात सामने आई है। यहां के लिंक रोड थाना क्षेत्र से लापता हुए युवक का शव मिलने के मामले में पुलिस ने युवक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवाई थी। इसके लिए उसने प्रेमी के दोस्त को 1 लाख रुपए की सुपारी दी थी। आप जानकर हैरान रह जाएंगे कि पत्नी ने अपने सामने पेपर कटर से पति का गला कटते देखा। इस हत्याकांड में शामिल दो और आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित जगहों पर छापेमारी कर रही है।
एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि लिंक रोड थाने पर 2 अक्टूबर को मूलरूप से बिजनौर निवासी 34 वर्षीय योगेश की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी। योगेश का शव 8 अक्टूबर को पिलखुवा क्षेत्र में जंगल में बरामद हुआ था। इसके बाद 8 अक्टूबर को योगेश के भाई बृजपाल सिंह ने योगेश की पत्नी और उसके प्रेमी आशीष पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। बृजपाल ने पुलिस को बताया था कि योगेश और पूजा की शादी वर्ष 2013 में हुई थी और दोनों के दो बच्चे भी हैं। आशीष को लेकर योगेश और पूजा में अक्सर विवाद होता था और पूजा योगेश को अंजाम भुगतने की धमकी देती थी। योगेश और पूजा लिंक रोड क्षेत्र के साहिबाबाद गांव में दो बच्चों के साथ किराए पर रह रहे थे।
तीन साल का अफेयर, एक साल लिव इन रिलेशन फिर खूनी साजिश
पुलिस की मानें तो पूजा का सुखदेव नाम के शख्स से संबध था। सुखदेव अपने दोस्त आशीष के साथ कर्नाटक में एक टावर लगाने वाली कंपनी में काम करता था। लगभग दो साल पहले सुखदेव और पूजा का किसी बात को लेकर ब्रेकअप हो गया था। इस पर सुखदेव ने आशीष को पूजा का नंबर देकर उससे सुलह करवाने के लिए कहा था।
फोन पर बात करने के दौरान आशीष का पूजा से प्रेम संबंध बन गया और वह कर्नाटक से नौकरी छोड़कर वापस आ गया था। लगभग एक साल तक आशीष पूजा के साथ लिव-इन रिलेशन में रहा था। इसी दौरान दोनों ने पूजा के पति की हत्या करने की योजना बनाई।
Advertisement
एक लाख की सुपारी और सामने कटता देखा पति का गला
प्लान के अनुसार पूजा ने अपने पति योगेश को फोन किया और बताया कि वह चांदपुर से वापस आ रही है। उसने हापुड़ के पिलखुवा स्थित सरस्वती मेडिकल कॉलेज पर मिलने के लिए बुलाया। महिला अपने साथी आशीष के साथ सरस्वती कॉलेज पर पहुंच गई। इसी बीच प्रवीण और चंद्रपाल भी आ गए।
Advertisement
कुछ देर बाद पति योगेश भी वहां पहुंचा। आशीष को अपनी पत्नी के साथ देखकर योगेश नाराज हो गया और उससे भिड़ गया। इसके बाद आशीष और महिला ने योगेश को पकड़ लिया। मौका पाकर चंद्रपाल ने योगेश की गर्दन पर पेपर कटर से वार कर दिया। घायल योगेश जंगल की तरफ भागा। पत्नी ने अपने साथियों के साथ योगेश का पीछा किया। कुछ दूर जाकर योगेश को सबने मिलकर पकड़ा। उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ वार करके उसकी हत्या कर दी।
हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद पत्नी ने साथियों के साथ मिलकर पति के शव को झाड़ियों में ही छुपा दिया और वापस आ गई। घर वापस आने के बाद महिला ने ससुराल वालों को बताया कि योगेश घर वापस नहीं लौटे हैं। महिला ने पति के गुमशुदा होने की रिपोर्ट गाजियाबाद के थाना लिंक रोड पर दर्ज कराई, जिससे कि योगेश की हत्या का शक आरोपी महिला पर ना हो सके।
एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने तीन साल से प्रेम संबंध होने और योगेश के उनके रास्ते में आने की वजह से हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धारा 140(1), 103(1), 238 और 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश शुरू कर दी है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 12 October 2025 at 10:10 IST