अपडेटेड 30 June 2024 at 14:29 IST
यूपी में भाजपा के खराब प्रदर्शन के लिए मोदी-योगी को दोष न दें: उमा भारती
उमा भारती ने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दोष नहीं दिया
- भारत
- 2 min read

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता उमा भारती ने कहा कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में पार्टी के खराब प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दोष नहीं दिया जाना चाहिए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने शनिवार को यहां कहा कि बाबरी मस्जिद के विध्वंस के बाद भी पार्टी ने राज्य में खराब प्रदर्शन किया था। भारती ने यहां एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के नतीजों के लिए मोदी और योगी को दोषी ठहराना सही नहीं है। भाजपा छह दिसंबर 1992 को बाबरी ढांचा ढहाए जाने के बाद भी हार गई थी। इसके बावजूद हमने अयोध्या में राम मंदिर को अपने एजेंडे से नहीं हटाया...हमने अयोध्या को कभी वोट से नहीं जोड़ा। इसी तरह अब हम मथुरा-काशी (धार्मिक स्थलों को लेकर विवाद) को वोट से नहीं जोड़ रहे हैं।’’
हिंदू समुदाय की प्रकृति को समझने की जरूरत
उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि हिंदू समुदाय की प्रकृति को समझने की जरूरत है जो सामाजिक व्यवस्था को धर्म से नहीं जोड़ता। भाजपा नेता ने दावा किया, ‘‘यह इस्लामिक समाज है जो सामाजिक और धार्मिक व्यवस्था को जोड़कर काम करता है, इसलिए वे सामाजिक व्यवस्था के अनुसार वोट करते हैं।’’ भारती ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नतीजों का मतलब यह नहीं है कि लोगों की भगवान राम के प्रति आस्था कम हो गई है।
Advertisement
उन्होंने कहा, ‘‘हमें यह अहंकार नहीं करना चाहिए कि हर राम भक्त भाजपा को वोट देगा। हमें यह नहीं सोचना चाहिए कि जो हमें वोट नहीं देता, वह राम भक्त नहीं है। यह (चुनाव परिणाम) किसी लापरवाही का नतीजा है और कुछ नहीं।’’
केंद्र में गठबंधन सरकार चलाना मुश्किल नहीं
Advertisement
उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के साथ मिलकर केंद्र में गठबंधन सरकार चलाना मुश्किल नहीं होगा, क्योंकि अतीत में भाजपा ने उनके साथ सहयोगी के रूप में सफलतापूर्वक सरकारें चलाई हैं।
इससे पहले दिन में भारती ने ग्वालियर से भोपाल जाते समय शिवपुरी में स्थानीय भाजपा नेताओं से मुलाकात की। भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीट में से केवल 33 सीट जीती थीं जबकि समाजवादी पार्टी ने राज्य में सर्वाधिक 37 सीट पर जीत हासिल की। भाजपा ने 2019 के आम चुनाव में उत्तर प्रदेश में 62 सीट पर कब्जा किया था।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 30 June 2024 at 14:29 IST