UP में एक जिला, एक माफिया का युग समाप्त, अब एक जिला, एक उत्पाद का युग, बोले CM योगी
‘‘एक जिला, एक माफिया’’ नीति के कारण अराजकता को बढ़ावा मिला, जिसे अब मौजूदा भाजपा सरकार ने स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार पैदा करने के लिए ‘‘एक जिला, एक उत्पाद’’ पहल से बदल दिया है।
- भारत
- 3 min read

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर कटाक्ष करते हुए आरोप लगाया कि उसकी कथित ‘‘एक जिला, एक माफिया’’ नीति के कारण अराजकता को बढ़ावा मिला, जिसे अब मौजूदा भाजपा सरकार ने स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने और रोजगार पैदा करने के लिए ‘‘एक जिला, एक उत्पाद’’ (ओडीओपी) पहल से बदल दिया है।
मुख्यमंत्री सहारनपुर में युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे जहां 365 उद्यमियों को ऋण वितरित किए गए। योगी आदित्यनाथ ने कहा, “पूर्ववर्ती सरकार में पहले हर जिले में एक माफिया था। हमने इसे ‘एक जिला, एक उत्पाद’ से बदल दिया ताकि कारीगरों और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान मिले और रोजगार पैदा हो।”
आदित्यनाथ ने कहा..
पूर्व मुख्यमंत्री एव सपा के प्रमुख अखिलेश यादव का नाम लिए बिना आदित्यनाथ ने कहा, “अगर किसी राज्य का नेता दोपहर में उठता है, दो बजे तक तैयार हो जाता है और फिर अपने दोस्तों के साथ पिकनिक पर चला जाता है तो वह कब काम करेगा? जनता परेशान रही, जबकि उसके साथी राज्य को लूटते रहे।’’
आदित्यनाथ ने कहा कि उनकी सरकार में संपर्क सुविधा बढ़ाने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सहारनपुर से दिल्ली तक की यात्रा का समय घटाकर सिर्फ एक घंटा 45 मिनट करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ‘ओडीओपी’ योजना के प्रभाव पर भी जोर दिया और कहा कि सहारनपुर का प्रसिद्ध लकड़ी की नक्काशी उद्योग अब दुनियाभर में 1,000 करोड़ रुपये का सामान निर्यात करता है।
Advertisement
कारीगरों की उपेक्षा के लिए पूर्ववर्ती सरकारों की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, “ये कारीगर पहले से ही राज्य में थे, लेकिन पुरानी सरकारें उन्हें वोट बैंक बनाने में व्यस्त थीं। उन्होंने कारीगरों को बेहतर डिजाइन, तकनीक, पैकेजिंग या निर्यात सुविधाएं प्रदान करने की कभी परवाह नहीं की।”
आदित्यनाथ ने रोजगार सृजन में मौजूदा सरकार सरकार के प्रयासों को भी रेखांकित किया, उन्होंने बताया कि होली के दौरान, राज्य सरकार ने पुलिस बल में 60,244 युवाओं के चयनित होने की घोषणा की, जिनमें सहारनपुर के युवा भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से पुलिस की 12,000 से ज्यादा नौकरियां महिलाओं को मिलीं।
Advertisement
उन्होंने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश पुलिस बल में 1947 से 2017 तक केवल 10,000 महिलाएं थीं। सिर्फ एक भर्ती अभियान में हमने 12,000 से ज्यादा बेटियों को बल में जोड़ा।’’ उन्होंने कहा कि उनके प्रशासन ने अब तक सात लाख से जयादा सरकारी नौकरियां दी हैं, जिसमें भाई-भतीजावाद या क्षेत्रीय पक्षपात का कोई आरोप नहीं है।
उद्यमिता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए, आदित्यनाथ ने कहा, “यह सरकार आपकी कड़ी मेहनत को पहचानने और उसका समर्थन करने के लिए है। यह वंशवादी राजनीति के लिए नहीं है जहां मुट्ठी भर लोग अपने लिए सत्ता लूटते हैं।’’
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)