'अखिलेश यादव में आमने-सामने लड़ने की हिम्मत नहीं...', सपा प्रमुख की अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर बोले CM योगी
अखिलेश यादव के अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर सीएम योगी ने पलटवार करते हुए कहा कि अगर सपा प्रमुख मैदान में उतरते हैं, तो वे भी मुकाबला करने के लिए तैयार हैं।
- भारत
- 3 min read

CM Yogi: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पिछले कुछ समय से 'चैलेंज पॉलिटिक्स' का जोर देखने को मिल रहा है। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर सपा मुखिया अखिलेश यादव की अयोध्या सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती देने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, अखिलेश यादव ने सीएम योगी को चुनौती देते हुए कहा था कि अगर मुख्यमंत्री अयोध्या में अपने किए कामों को लेकर इतने आश्वस्त हैं, तो वे स्वयं चुनाव लड़कर देख लें, अयोध्या उनका पानी उतार देगी। ऐसे में सीएम योगी ने उनकी चुनौती स्वीकार ली।
अखिलेश में मुकाबला करने की हिम्मत नहीं- सीएम योगी
सीएम योगी ने गुरुवार को गोरखपुर में अयोध्या को आस्था की भूमि बताते हुए कहा, 'अगर आप वहां से अपना नामांकन दाखिल करते हैं, तो मैं भी अपना नामांकन दाखिल करूंगा। आइए, एक सीधा आमना-सामना हो जाए। क्यों परेशान हो रहे हैं। लेकिन उनमें आमने-सामने लड़की की हिम्मत नहीं है, क्योंकि एक कमजोर व्यक्ति आमने-सामने नहीं लड़ता, बल्कि हमेशा पीछे से वार करता है। इन कायरों की यही स्थिति है जिन्होंने माफिया के दम पर उत्तर प्रदेश को रौंदा और तबाह किया, युवाओं के रोजगार को बर्बाद किया और हमारी बेटियों तथा व्यापारियों की सुरक्षा को खतरे में डाला।'
एक मौलाना बहुत बेचैन हो रहे- सीएम योगी
सीएम योगी ने आगे कहा, 'हाल ही में हैदराबाद से आए एक 'मौलाना' जो बहुत बेचैन हो रहे हैं, वे चिंता न करें; जिस दिन उत्तर प्रदेश चुनाव के नतीजे आएंगे, उस दिन यह तय हो जाएगा कि हैदराबाद अब 'भाग्य लक्षमीपुरम' बन गया है।'
Advertisement
वे कहते हैं, 'ये सब एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं जो अराजकता फैलाते हैं। इन्हें जब भी मौका मिला इन्होंने विकास के नाम पर लूट मचाई। गरीबों का राशन हड़पा, पेंशन काटी, छात्रों की स्कॉलरशिप छीन ली, विदेशों में अकूत संपत्ति जमा की और दंगाइयों के सामने नाक रगड़ी।'
CM योगी का सपा पर निशाना
CM योगी ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, '2017 से पहले गोरखपुर की पहचान 'माफिया और मच्छरों' से होती थी और इस मौसम में मासूम बच्चे एन्सेफलाइटिस (दिमागी बुखार) की चपेट में आकर अपनी जान गंवा देते थे। चार बार सरकार बनाने के बावजूद समाजवादी पार्टी का कोई भी मुख्यमंत्री पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसी अस्पताल में जाकर एन्सेफलाइटिस से पीड़ित बच्चों का हाल जानने नहीं गया। पहले समाजवादी पार्टी के गुंडे और कांग्रेस के बिचौलिए लोगों के आवास, राशन और पेंशन हड़प लेते थे।'
Advertisement
इसके विपरीत उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि पिछले साढ़े नौ साल में 'डबल इंजन' वाली भारतीय जनता पार्टी सरकार ने पूरे उत्तर प्रदेश में 65 लाख परिवारों को घर उपलब्ध कराए हैं।