'दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देंगे', लखनऊ अग्निकांड से आहत हुए CM योगी, रद्द किए सभी कार्यक्रम; डिप्टी सीएम बोले- कोई नरमी नहीं बरतेंगे
लखनऊ के अलीगंज इलाके में 22 जून को लगी भीषण आग के बाद कोचिंग सेंटर से कई शव बरामद किए गए हैं।
- भारत
- 3 min read

लखनऊ के अलीगंज इलाके में 22 जून को लगी भीषण आग के बाद कोचिंग सेंटर से कई शव बरामद किए गए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे प्रभावित परिवारों से तुरंत संपर्क करें और उन्हें हर संभव मदद पहुंचाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि आग में झुलसे लोगों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए।
CM योगी ने क्या कहा?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अभी-अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक घटना हुई है वहां आग लगने की घटना में कुछ बच्चे चपेट में आए हैं और आग के कारण उनकी दुखद मौत हो गई है। प्रशासन वहां पर राहत कार्य में लगा हुआ है लेकिन उस दुखद घटना के कारण मुझे तत्काल लखनऊ वापस जाना पड़ रहा है। मैं मृतकों के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं इस पूरे मामले के लिए मैंने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक, अपर प्रमुख सचिव (गृह) को कहा कि वह स्वयं मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें। मैं स्वयं भी वहां के लिए प्रस्थान कर रहा हूं ताकि इस मामले के दोषियों का पता चल सके और उन्हें हम सजा दे सके।'
'दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देंगे'
डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा, "इस घटना में चौदह बच्चों की मौत हो गई है और चार घायल बच्चों को KGMC ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मामले की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री अलीगढ़ में अपने सभी तय कार्यक्रम रद्द कर घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं। हमारी प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराना है। घटना कैसे और क्यों हुई, इसकी जानकारी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मिल पाएगी। अधिकारियों ने घटनास्थल पर तलाशी अभियान पूरा कर लिया है और पुष्टि की है कि अब कोई बच्चा वहां फंसा नहीं है। घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ बिना किसी रियायत के सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने पीड़ित परिवारों को पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया है और कहा है कि उन्हें हर जरूरी मदद दी जाएगी।"