CM योगी ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे पर जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख के मुआवजे का ऐलान
सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में मृतकों के परिवारों को मुआवजा मिलेगा। सीएम योगी ने मृतक के परिजन को 2-2 लाख की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
- भारत
- 2 min read

Sultanpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में रविवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों को आर्थिक मुआवजे का ऐलान किया है। इसके साथ ही अधिकारियों को शोकाकुल परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए हैं।
सीएमओ की ओर से आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा गया है, 'मुख्यमंत्री योगी ने जनपद सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री जी ने प्रत्येक मृतक के परिजन को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है।'
CM ने अधिकारियों को दिए निर्देश
पोस्ट में आगे लिखा है, 'मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को शोकाकुल परिजनों से संवाद कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।'
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त
पूरा मामला सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का है। रविवार सुबह सैनिक का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। एंबुलेंस की टक्कर ट्रक से हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
Advertisement
जानकारी के मुताबिक, हादसा हलियापुर थाना क्षेत्र के जरई कला के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। एंबुलेंस लखनऊ से सूबेदार सत्यवान सिंह का पार्थिव शरीर लेकर गाजीपुर जा रही थी। हादसे में देवरिया के गइला, दुधिला निवासी साजन सिंह, गौरव सिंह, राम समुझ सिंह और चालक जसपाल की मौत हो गई है।