अपडेटेड 27 September 2025 at 12:19 IST
'वो मौलाना भूल गया कि यूपी में किसकी सत्ता है', बरेली हिंसा के बाद CM योगी का तौकीर रजा पर हमला, कहा- ऐसा सबक सिखाया...
CM Yogi on Bareilly Violence: बरेली हिंसा पर सीएम योगी आदित्यनाथ की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने मौलाना तौकीर रजा पर निशाना साधा और कहा कि मौलाना भूल गया शासन किसका है। वो ये मानता था कि धमकी देंगे और जबरदस्ती जाम कर देंगे।
- भारत
- 3 min read

CM Yogi Adityanath Statement: उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार (26 सितंबर) को जुमे की नमाज के बाद भारी बवाल हुआ। यहां 3 जगहों पर हिंसा भड़क उठी। उपद्रवियों ने पत्थरबाजी की और तोड़फोड़ मचाई। घटना में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। बरेली में हुई इस हिंसा के बाद मौलाना तौकीर रजा को नजरबंद किया गया है। हिंसा पर सीएम योगी आदित्यनाथ का पहला रिएक्शन सामने आया है।
CM योगी ने बरेली में हुए बवाल को लेकर मौलाना तौकीर रजा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बरेली का मौलाना भूल गया कि राज्य में किसकी सत्ता है।
‘आने वाली पीढ़ियां दंगा करना भूल जाएंगी’
एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्याथ ने बरेली हिंसा पर कहा कि मौलाना भूल गया शासन किसका है। वो ये मानता था कि धमकी देंगे और जबरदस्ती जाम कर देंगे। हमने कहा जाम नहीं होगा, कर्फ्यू भी नहीं लगेगा, लेकिन सबक ऐसा सिखा देंगे कि तुम्हारी आने वाली पीढ़िया दंगा करना भूल जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, "क्या तरीका है ये? आप सिस्टम को ब्लॉक करना चाहते हैं। ये प्रवृति पहले यूपी में थी। 2017 से पहले यही होता था। हम कह सकते हैं कि 2017 के बाद हमने कर्फ्यू भी नहीं लगने दिया। ऐसे बैरियर चुन-चुनकर जिस प्रकार की भाषा को समझते थे, उसमें समझाकर उनको सजा दिलाने का काम किया और उत्तर प्रदेश के विकास की कहानी यही से शुरू होती है।"
Advertisement
उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश में जगह-जगह सांप्रदायिक तनाव की घटनाएं सामने आई। सीएम योगी ने इसको लेकर शुक्रवार रात एक उच्चस्तरीय बैठक भी की, जिसमें उन्होंने इस घटनाओं पर नाराजगी जताई। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दशहरा बुराई और आतंक के दहन का प्रतीक है। यह उपद्रवियों के खिलाफ कार्रवाई का सही समय है। उपद्रवियों को सरकार कुचल देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा, उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि वे दोबारा अराजकता फैलाने के बारे में सोच भी नहीं पाएंगे। बैठक में उन्होंने कानपुर, वाराणसी, मुरादाबाद और अन्य जिलों में हुई घटनाओं में उपद्रवियों के खिलाफ तत्काल FIR दर्ज के आदेश दिए हैं। उनकी संपत्ति की जांच की जाएगी। सभी उपद्रवियों की पहचान की जाएगी, वीडियो फुटेज और सोशल मीडिया की निगरानी के जरिए किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा।
Advertisement
मौलाना तौकीर रजा को किया गया नजरबंद
वहीं, बरेली में बीते दिन हुए बवाल के बाद इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा को नजरबंद भी किया गया है। जानकारी के अनुसार मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर ये प्रदर्शनकारी इस्लामिया मैदान में इकट्ठा हो रहे थे।
पुलिस के मुताबिक प्रशासन ने इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी। पुलिस ने लोगों को रोककर समझाया, जिसके बाद कई लोग वापस चले गए। हालांकि, कुछ लोग धारा 163 BNS का उल्लंघन करते हुए इस्लामिया ग्राउंड में जाने की कोशिश करने लगे। कुछ उपद्रवियों ने पुलिस से अभद्रता और पथराव किया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर किया। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया। पूरी घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 27 September 2025 at 12:19 IST