पिछली सरकार में माफिया और समाजवादी पार्टी ने जुल्म किए, खामियाजा गरीबों को भुगतना पड़ा, हमने 10,000 एकड़ जमीन खाली करा ली- CM योगी
मुख्यमंत्री योगी ने बाराबंकी के लोधेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना की और करोड़ों की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधा और कहा कि हमने 10,000 एकड़ जमीन खाली कराई। जानें ऐसा क्यों कहा, पूरी खबर पढ़ें
- भारत
- 3 min read

CM Yogi in Barabanki: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी के प्रसिद्ध लोधेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने धार्मिक परिसर के विकास कार्यों की आधारशिला रखी। साथ ही सैकड़ों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जनसभा और संगठनात्मक बैठक भी हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाराबंकी वालों के दोनों हाथों में लड्डू हैं। उन्हें विकास और धार्मिक पर्यटन दोनों का फायदा मिलेगा। इससे क्षेत्र में रोजगार बढ़ेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। लोधेश्वर महादेव मंदिर प्राचीन शिवधाम है। इसका विकास होने से तीर्थयात्री बढ़ेंगे। आसपास के गांवों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। योगी सरकार धार्मिक स्थलों को पर्यटन केंद्र बनाने पर जोर दे रही है।
पिछली सरकारों पर तीखा हमला
सीएम योगी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि, 'कांग्रेस लूट करती है, सपा डकैती डालती है। इनसे सतर्क रहेंगे तो हमेशा फायदे में रहेंगे।' देश आजाद होने के बाद भी इस धाम तक आजादी की रोशनी नहीं पहुंची थी। समाजवादी पार्टी की सरकारें कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल बनाने में व्यस्त रहीं, लेकिन मंदिर विकास की चिंता नहीं की।
CM योगी का 10,000 एकड़ जमीन खाली कराने का दावा
मुख्यमंत्री योगी ने आगे कहा- 'कांग्रेस सरकार में माफिया और समाजवादी पार्टी के पापियों ने जो जुल्म किए, उसका खामियाजा गरीबों को भुगतना पड़ा। उनकी जमीनें हड़प ली गईं। अब करीब 10,000 एकड़ जमीन खाली करा ली गई है। उन्होंने जमीन के रिकॉर्ड मिटा दिए लेकिन सच्चाई नहीं मिटा सके, ठीक वैसे ही जैसे 500 साल बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना है।'
Advertisement
बाराबंकी के महान हॉकी खिलाड़ी के.डी. सिंह ‘बाबू’ का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने देश को ओलंपिक में गौरव दिलाया, लेकिन उनकी हवेली बिकने की नौबत आ गई थी। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने कोई पहल नहीं की।
पहले तमंचे और कट्टे बनते थे- CM योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन में तमंचे और कट्टे बनते थे। आज उत्तर प्रदेश में लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है। ये बेहतर कानून व्यवस्था का नतीजा है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने शिलान्यास किया था, लेकिन लागत 15 हजार करोड़ से ज्यादा रखी गई थी। उनकी सरकार ने समीक्षा कर इसे करीब 11,500 करोड़ में पूरा कराया। इससे सार्वजनिक धन की बचत हुई और गुणवत्तापूर्ण एक्सप्रेसवे मिला। बाराबंकी में ये कदम क्षेत्र को नई पहचान देगा और स्थानीय लोगों को लंबे समय तक फायदा पहुंचाएगा।