'हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाई, क्या कोई जामा मस्जिद...', अयोध्या में सपा-कांग्रेस पर जमकर बरसे CM योगी, पूछा- ये पाप क्यों किया?
Ayodhya news: अयोध्या पहुंचे सीएम योगी ने सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इन्होंने हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप किया और श्रृंगवेरपुर की जमीन वक्फ बोर्ड को सौंपने की कोशिश की।
- भारत
- 3 min read

CM Yogi Adityanath in Ayodhya: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में मचे सियासी घमासान के बीच सीएम योगी आदित्यनाथ आज (10 जुलाई) अयोध्या में हैं। यहां उन्होंने बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का काम किया था, क्या जामा मस्जिद में कोई हनुमान चालीसा का पाठ करवा सकता है।
CM योगी का कांग्रेस-सपा पर हमला
सीएम योगी ने कहा कि एक लंबे समय तक हमारी अयोध्या अपेक्षित रही, न सड़क, न बिजली, न पानी यानी बगल में मां सरयू बह रही है, तब भी अयोध्या उससे वंचित रहती थी। गंदगी पहचान बन चुकी थी। ये जो लोग आस्था की बात करते हैं, इन्होंने तो हमारे पवित्र हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाने का काम किया था। कल्पना करो, क्या कोई जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा पाएगा क्या? सरकारें करवा पाएंगी? क्या समाजवादी पार्टी और कांग्रेस करवा पाएंगी? अगर नहीं करवा पाएंगी तो ये अयोध्या में हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप क्यों करवाया गया था? कौन करवा रहा था ये?
‘ये लोग विरोध कर रहे हैं, क्योंकि…’
उन्होंने आगे कहा कि आप अयोध्या आप देखते होंगे तीनों लोकों से न्यारी है, वैभवशाली है, वहां की गलियां अब चमक रही है। कोई सोचता था कि अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन पाएगा। समाजवादी पार्टी के लोग विरोध करते थे, एयरपोर्ट के नाम पर गुमराह करते थे, आज महर्षि वाल्मिकी के नाम पर इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सभी प्रमुख शहरों के साथ अयोध्या का एयरपोर्ट जुड़ चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जो अयोध्या का विरोध समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोग कर रहे हैं, वे इसलिए विरोध कर रहे हैं कि वे नहीं कर पाए थे, इसलिए बुरा लग रहा है कि महर्षि वाल्मिकी के नाम पर क्यों हो गया? अयोध्या में रैन बसेरा निषाद राज गुह के नाम पर हो गया है, उनको यही बुरा लगता है।
Advertisement
सीएम योगी ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस ने श्रृंगवेरपुर में भगवान राम और निषादराज के ऐतिहासिक मिलन स्थल की जमीन को वक्फ बोर्ड के नाम पर कब्जा कराने की कोशिश की थी।
‘भव्य मंदिर का निर्माण हो गया, कोई रोक नहीं पाया’
उन्होंने आगे कहा कि यही अंतर है कि आज समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के लोगों ने मंदिर निर्माण में बाधा खड़ी की, राम के नाम पर प्रश्न खड़ा करने का प्रयास किया, रामभक्तों पर गोलियां चलवाई, अयोध्या के नाम पर पहचान का संकट खड़ा किया। फिर डबल इंजन की सरकार आई और भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण हो गया, कोई रोक नहीं पाया।