UP: पति को छोड़ प्रेमी संग करवाचौथ मनाने होटल पहुंची पत्नी, चांद के दीदार से पहले हो गया 'कांड', देर रात तक हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद हुआ ये फैसला
सुहागिनों के सबसे बड़े पर्व करवाचौथ के दिन बरेली में एक चौंकाने वाला पारिवारिक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जहां एक तरफ पत्नियां अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रख रही थीं, वहीं एक पत्नी बदायूं से अपने प्रेमी के साथ बरेली के एक होटल में आकर ठहर गई।
- भारत
- 4 min read

सुहागिनों के सबसे बड़े पर्व करवाचौथ के दिन बरेली में एक चौंकाने वाला पारिवारिक हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जहां एक तरफ पत्नियां अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रख रही थीं, वहीं एक पत्नी बदायूं से अपने प्रेमी के साथ बरेली के एक होटल में आकर ठहर गई। हालांकि, शक के आधार पर पीछा कर रहा पति भी पीछे-पीछे उसी होटल तक जा पहुंचा और रात को ही पुलिस बुलाकर दोनों को रंगे हाथों पकड़वा दिया। रात भर चले थाने के ड्रामे के बाद अंततः पति-पत्नी के बीच समझौता हो गया और महिला अपने प्रेमी के साथ चली गई।
बदायूं के रहने वाले पीड़ित पति ने पुलिस को बताया कि उसने साल 2025 में बदायूं की ही इस युवती से लव मैरिज (प्रेम विवाह) किया था। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच अनबन शुरू हो गई और पत्नी ज्यादातर समय अपने मायके में ही रहने लगी। इस दौरान उनका एक बेटा भी हुआ, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि पत्नी उसे अपना बच्चा मानने से इनकार करती रही।
हत्या कर लाश 'नीले ड्रम' में भरने की धमकी
पति का आरोप है कि धीरे-धीरे पत्नी ने बातचीत और आना-जाना पूरी तरह बंद कर दिया। जब पति ने अलग होने से मना किया तो उसे पत्नी के चरित्र पर शक हुआ और उसने निगरानी शुरू कर दी। जब उसने पत्नी से किसी दूसरे युवक के साथ अफेयर होने की बात पूछी, तो उसने सबूत मांग लिए। युवक ने एक बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पत्नी कई बार उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश कर चुकी है और उसे मारकर उसकी लाश एक 'नीले ड्रम' में भरकर छिपाने की खौफनाक धमकी भी दे चुकी थी।
Advertisement
बदायूं स्टेशन से बरेली तक जासूसी, जंक्शन के पास होटल में रेड
गुरुवार (करवाचौथ) के दिन पति किसी काम से बदायूं स्टेशन पर मौजूद था, तभी उसकी नजर अपनी पत्नी पर पड़ी। उसने गुपचुप तरीके से पीछा किया तो देखा कि वह बदायूं के ही रहने वाले अपने प्रेमी के साथ थी। दोनों बदायूं से बरेली के लिए निकले और पति भी उनके पीछे-पीछे बरेली पहुंच गया।
Advertisement
पति के अनुसार, पत्नी और उसके प्रेमी ने बरेली पहुंचकर तीन-चार होटलों में कमरा लेने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। अंत में वे जंक्शन के पास स्थित एक होटल में जाकर ठहर गए। इसके बाद रात करीब 11 बजे पति ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दे दी।
5 साल पुराना रिश्ता और थाने का हाई-वोल्टेज ड्रामा
पति की शिकायत पर कोतवाली पुलिस रात में ही उस होटल में पहुंची और कमरा खुलवाया। कमरे के भीतर पत्नी और उसका प्रेमी एक साथ मौजूद थे। पुलिस तुरंत तीनों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
थाने में पूछताछ के दौरान प्रेमी ने एक नया ही खुलासा कर दिया। उसने पुलिस को बताया कि वह इस महिला के साथ पिछले पांच सालों से रिलेशनशिप में है, लेकिन उसे इस बात की बिल्कुल भनक नहीं थी कि महिला शादीशुदा है। वहीं, दूसरी तरफ महिला ने साफ शब्दों में अपने पति के साथ जाने से इनकार कर दिया और प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई।
अंत में हुआ लिखित समझौता, बच्चा पिता के पास
कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जब महिला ने साफ कह दिया कि वह किसी भी कीमत पर अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती, तो पति ने भी समझदारी दिखाते हुए कहा कि वह उसे जबरन अपने साथ नहीं रखेगा।
इसके बाद थाने में ही दोनों पक्षों की सहमति से एक लिखित समझौता करवाया गया। समझौते के तहत महिला को उसके प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी गई, जबकि मासूम बच्चे की कस्टडी उसके पिता को सौंप दी गई। करवाचौथ की रात हुए इस ड्रामे की इलाके में काफी चर्चा हो रही है।