UP: तुम किसी और को चाहोगी तो मुश्किल होगी...दूसरी जगह तय हुई शादी, होने वाले पति से बात करती थी युवती; बौखलाए प्रेमी ने कर दी हत्या
उत्तर प्रदेश कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र के बेलवा सुदामा गांव में मंगलवार शाम प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवती की हत्या का मामला सामने आया है
- भारत
- 3 min read

उत्तर प्रदेश कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र के बेलवा सुदामा गांव में मंगलवार शाम प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवती की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती का विवाह दूसरी जगह तय होने से नाराज युवक ने उसके घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में युवती की मौत हो गई। वारदात के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपी युवक को पकड़कर पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार बेलवा सुदामा गांव निवासी रोशनी पुत्री मलहम का एक युवक से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि रोशनी का विवाह दूसरी जगह तय होने के बाद युवक नाराज रहने लगा था। आरोप है कि वह युवती पर अपने साथ चलने का दबाव बना रहा था, लेकिन युवती इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है। मंगलवार शाम आरोपी कथित तौर पर युवती के घर पहुंचा और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
घर में मचा चीख-पुकार, मां ने बताई वजह
घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। युवती की मां के मुताबिक, उनके पति सऊदी अरब में रहते हैं। उनकी बेटी का विवाह दूसरी जगह तय हुआ था और वह होने वाले पति से बातचीत करती थी। मां का आरोप है कि इसी बात को लेकर युवक नाराज रहता था। वह उनकी बेटी को अपने साथ भगाकर ले जाना चाहता था, लेकिन बेटी ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इसी रंजिश में युवक ने उनकी बेटी की हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई।
Advertisement
परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पीटा
युवती की हत्या से गुस्साए परिजनों ने आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत भी नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मामला अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने एहतियात बरतते हुए गांव में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की। पुलिस की प्राथमिकता स्थिति को नियंत्रित रखना और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकना है।
Advertisement
एसपी समेत अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। एसपी केशव कुमार, एएसपी सिद्धार्थ वर्मा और सीओ कसया डॉ.अजय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस जांच में जुटी, गांव में सतर्कता
घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि तनाव और न बढ़े। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। युवती की हत्या के पीछे की परिस्थितियों, आरोपी के साथ हुए घटनाक्रम और विवाद की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है। मामले में पुलिस की जांच और आधिकारिक जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(कुशीनगर से पीके विश्वकर्मा का रिपोर्ट)