कभी थप्पड़ तो कभी जूते... दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दरोगा पर श्रद्धालुओं को पीटने का आरोप, VIDEO वायरल होते ही जांच के आदेश

सोशल मीडिया पर बाराबंकी से दरोगा का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें उन्हें श्रद्धालुओं को कथिततौर पर पीटते देखा गया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात एक पुलिस दरोगा पर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि दरोगा ने न सिर्फ श्रद्धालुओं को थप्पड़ मारे, बल्कि जूतों से भी उनकी जमकर पिटाई की।

यह पूरी घटना बाराबंकी के माती थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन करने पहुंचे थे। विसर्जन की रस्मों के दौरान बात न मानने पर ड्यूटी पर तैनात SI विष्णु शर्मा अपना आपा खो बैठे।

दरोगा पर थप्पड़ और लात मारने का आरोप 

इस दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। करीब 20 सेकंड के इस वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बेकाबू हुए दरोगा विष्णु शर्मा किस तरह श्रद्धालुओं पर थप्पड़ बरसा रहे हैं और जूतों से लात मार रहे हैं।

वायरल वीडियो पर लोगों का फूटा गुस्सा

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है और पुलिस के इस अमानवीय व्यवहार की चारों तरफ कड़ी निंदा हो रही है। हालांकि, कुछ ऐसे भी लोग है जो उपनिरीक्षक का पक्ष ले रहे हैं। उनका कहना है कि उपनिरीक्षक ने कुछ गलत नहीं किया है। अगर कोई डूब जाता तो भी पुलिस पर ही गाज गिरती। लोग बातों से मानते नहीं है। कुछ भी अनहोनी होती तो पुलिस की मौजूदगी में हुई घटना पर सवाल उठाए जाते। इस बीच, पूरे मामले को संज्ञान में लिया गया है।

Advertisement

SI के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई

बाराबंकी पुलिस ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्वीट कर कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के संबंध में संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया जाता है कि उक्त वीडियो थाना माती क्षेत्रान्तर्गत मूर्ति विसर्जन से संबंधित है। 

मामले की गंभीरता को देखते हुए, वीडियो में दिखाई दे रहे संबंधित उपनिरीक्षक के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई संस्थित कर दी गई है और उन्हें रिजर्व पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है। इस संपूर्ण प्रकरण की जांच के लिए क्षेत्राधिकारी नगर को निर्देशित किया गया है। 

Advertisement

यह भी पढ़ें: Tiger Shroff Shooting Case: कड़ी सुरक्षा के बीच मुंबई लाए गए तीनों आरोपी, मेडिकल के बाद एंटी एक्सटॉर्शन सेल में पूछताछ शुरू!

 

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड