Tiger Shroff Shooting Case: कड़ी सुरक्षा के बीच मुंबई लाए गए तीनों आरोपी, मेडिकल के बाद एंटी एक्सटॉर्शन सेल में पूछताछ शुरू!
टाइगर श्रॉफ से जुड़ी फायरिंग की घटना के तीनों आरोपियों को मुंबई लाया गयाहै। यहां जीटी अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद इन्हें एंटी एक्सटॉर्शन सेल में रखा गया है।
- भारत
- 3 min read

Tiger Shroff Shooting Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले के मामले में पकड़े गए आरोपियों को मुंबई लाया गया। कोटा से करीब 17 घंटे की लंबी यात्रा के बाद मुंबई लाए गए तीनों आरोपियों का पहले जीटी अस्पताल में मेडिकल कराया गया। इसके बाद उन्हें मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान ऋतिक कुमार, फूल सिंह और रेहान अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, इन आरोपियों को दबोचने के बाद कोटा से मुंबई तक दो इनोवा कारों के जरिए लाया गया। सफर के दौरान आगे चलकर वलसाड से एक तीसरी इनोवा कार भी पुलिस के इस काफिले में शामिल हो गई।
तीनों आरोपियों से सख्ती से पूछताछ!
तीनों आरोपियों को मुंबई लाते ही सबसे पहले मेडिकल चेकअप के लिए जीटी अस्पताल ले जाया गया। चेकअप पूरा होने के बाद उन्हें एंटी-एक्सटॉर्शन सेल में रखा गया है, जहां अब उनसे टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के मामले में पूछताछ की जाएगी।
क्या बोले वकील अजिंक्य मधुकर?
वकील अजिंक्य मिरगल मधुकर ने कहा, 'सुबह 4 बजे आरोपियों को एंटी-एक्सटॉर्शन सेल के दफ्तर लाया गया। इससे पहले उन्हें राजस्थान से लाने के बाद सीधे मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया था। मेडिकल चेकअप के बाद आरोपियों को एंटी-एक्सटॉर्शन सेल लाया गया है, जहां पर पूछताछ चल रही है और सुबह उन्हें अदालत के सामने पेश किया जाएगा।'
Advertisement
आरोपियों की सुरक्षा बढ़ाई गई
इस दौरान पुलिस ने आरोपियों की सुरक्षा बढ़ा दी है। एंटी एक्सटॉर्शन सेल की हिरासत में मौजूद तीनों आरोपियों से मुंबई पुलिस इस मामले में आगे की पूछताछ और जांच करने में जुटी हुई है।
अनिल पंडित के संपर्क में था आरोपी रेहान
रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि आरोपी रेहान लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करीबी गुर्गे अनिल पंडित के सीधे संपर्क में था। यह बात सामने आई है कि एक्टर पर जानलेवा हमले को लेकर रेहान और अनिल पंडित के बीच बातचीत भी हुई थी। फिलहाल आरोपियों को मुंबई लाने के बाद पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा जांच में दूसरे पहलुओं और कथित साजिश को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले से जुड़े सभी लिंक को खंगालने के लिए आगे की जांच तेजी से जारी है।