अंकित बालियान हत्याकांड: शूटर्स के एनकाउंटर पर समाजवादी पार्टी ने उठाए सवाल, अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद बोले- इसकी उच्चस्तरीय जांच हो...
अंकित बालियान मर्डर केस के शूटर्स के एनकाउंट पर अवधेश प्रसाद ने कहा कि कौन सी स्थिति उत्पन्न हो गई थी कि एनकाउंटर करना पड़ा, इसकी जांच होनी चाहिए।
- भारत
- 3 min read

Awadhesh Prasad: समाजवादी पार्टी के अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद ने अंकित बालियान मर्डर केस के दो शूटरों के एनकाउंटर पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इस मुठभेड़ की विश्वसनीयता पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए कहा कि किन स्थितियों में ये एनकाउंटर हुआ है, ये जांच का विषय है। इसकी उच्चस्तरीय जांच की जाए।
अवेधश प्रसाद से आगे पूछा गया कि अंकित बालियान मर्डर केस काफी दिन से चर्चा में रहा है। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि जो भी दोषी होते हैं उनके लिए आईपीसी/सीआरपीसी होती है। कोर्ट-कचहरी होती है। न्यायपालिका को सजा देने का पूरा अधिकार है। सजा-ए-मौत का भी प्रावधान है। यह सभी व्यवस्थाएं हैं। अब कौन सी स्थिति उत्पन्न हो गई थी कि एनकाउंटर करना पड़ा, इसकी जांच होनी चाहिए।
सपा की सरकार में विधायकों हत्या हुई- उपमुख्यमंत्री
वहीं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'समाजवादी पार्टी खुद तमाम सवालों के घेरे में है। सपा जब सत्ता में भी तब उसने अपराधियों को संरक्षण देने का काम किया था, जिसके कारण उनकी सरकार में विधायकों तक की दिन दहाड़े हत्या होती थी। प्रयागराज में बसपा विधायक की दिनदहाड़े हत्या हुई थी। हत्या करने वाले सपा के लोग थे। अतीक अहमद, अशरफ जैसे लोग थे। अब वह लोग दुनिया में नहीं हैं। पुलिस का काम अपराध करने वालों को पकड़ना है। पकड़ने की कोशिश में अगर अपराधी पुलिस पर हमला करता है तो पुलिस जवाबी कार्रवाई करती है।'
जांच में समय लगता है, लोग राजनीति करते हैं- निषाद
यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद ने शामली में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शूटर्स पर कहा, 'जीरो टॉलरेंस की नीति है। जांच में समय लगता है लेकिन लोग राजनीति करते हैं। हमारी सरकार की प्राथमिकता है कि किसी के साथ अन्याय होने पर तत्परता से न्याय दिलाया जाए।'
Advertisement
26 अगस्त को हुई थी अंकित बालियान की हत्या
हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान 26 अगस्त 2026 शाम करीब 6 बजकर 45 मिनट पर शामली स्थित कोतवाली इलाके में एक जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं। सिर और पेट में गोली लगने से उनकी मौत हो गई।
दो शूटर्स एनकाउंटर में ढेर
इस वारदात में शामिल गोगी गैंग से जुड़े और 50-50 हजार के इनामी दो कथित शूटर्स को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया। मारे गए दोनों आरोपियों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है।
Advertisement
मुठभेड़ में मारे गए इनामी बदमाश
पुलिस के मुताबिक, मोहित और सुमित की कैराना रोड स्थित इंडियन गैस गोदाम के पास पुलिस से मुठभेड़ हुई। इसी दौरान जवाबी फायरिंग में दोनों को गोली लगी। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।