'अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश', रायबरेली से सपा की पीडीए यात्रा से पहले पोस्टर से चढ़ा सियासी पारा

अखिलेश यादव रायबरेली से 2027 के चुनावी अभियान का शंखनाद कर रहे हैं, लेकिन उनके आगमन से ठीक पहले शहर में सियासी पारा चढ़ गया है। शहर में सपा प्रमुख के विरोध में पोस्टर लगाए गए हैं।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon

UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गुरुवार को रायबरेली दौरे से ठीक पहले शहर में लगे एक पोस्टर को लेकर माहौल गरमा गया है। शहर में कई जगहों पर अखिलेश यादव के विरोध में पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें उनके साथ आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें लगाई गई हैं। इन पोस्टरों में सपा प्रमुख को लेकर कई आपत्तिजनक स्लोगन भी लिखे गए हैं।

इन पोस्टरों में अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए लिखा गया है, 'आजम, अतीक और मुख्तार यही चलाते थे सरकार।' इतना ही नहीं, इसमें 'अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश' जैसे नारे भी लिखे देखे गए। इस पोस्टर को किसने लगवाया है, फिलहाल इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

'करोड़ों की वैनिटी दौड़ा रहे, ये सड़क किसने बनवाई?' 

इसके अलावा लखनऊ-रायबरेली मार्ग पर भी अखिलेश यादव के खिलाफ विरोध भरे पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों के जरिए सपा प्रमुख पर तीखे सवाल दागते हुए पूछा गया है कि वह पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि कब देंगे? पोस्टर में लिखा है- 'अखिलेश जी, रोड पर 20 करोड़ की वैनिटी दौड़ा रहे हैं, यह सड़क किसने बनवाई?' इतना ही नहीं, इस मार्ग पर कई जगहों पर अखिलेश यादव के लिए ‘गिरगिटेश’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए पोस्टर भी चिपकाए गए हैं।

'साइकिल निशान, है गुंडों की पहचान' 

शहर में एक और पोस्टर ने ध्यान खींचा है जिसमें 'लाल टोपी, साइकिल निशान, यही है गुंडों की पहचान' जैसे तीखे स्लोगन लिखे गए हैं। इन पोस्टरों के जरिए एक तरफ जहां विपक्ष पर हमला बोला गया है, वहीं दूसरी ओर 'योगी राज में कानून से गुंडई नहीं चलेगी' लिखकर उत्तर प्रदेश सरकार की सख्त कानून-व्यवस्था के पक्ष में संदेश देने की कोशिश की गई है। सपा अध्यक्ष के दौरे से ठीक पहले शहर भर में लगाए गए ये पोस्टर इलाके में सियासी चर्चा का केंद्र बने हुए हैं।

Advertisement

रायबरेली से सपा के चुनावी अभियान का शंखनाद

बता दें कि अखिलेश यादव का आज रायबरेली दौरा है, जहां वह जीआईसी मैदान में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे और हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पर चाय पर मुलाकात भी करेंगे।

अखिलेश यादव रायबरेली से 2027 के चुनावी अभियान का शंखनाद कर रहे हैं, लेकिन उनके आगमन से ठीक पहले शहर में सियासी पारा चढ़ गया है। बछरावां कस्बे और प्रमुख चौराहों पर अखिलेश यादव के विरोध में 'अखिलेश यादव वापस जाओ' के पोस्टर लगाए गए हैं। स्थानीय भाजपा नेता हरिओम चतुर्वेदी ने इन पोस्टरों को लगवाने की जिम्मेदारी ली है। वहीं शहर भर में हुई इस जोरदार पोस्टरबाजी से सपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

Advertisement

यह भी पढ़ें: Greater Noida Accident: बस में आग लगने से 9 की मौत, एक्शन में CM योगी; घायलों के तुरंत इलाज का दिया निर्देश
 

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड