'करोड़ों राम भक्तों की आस्था पर लगी चोट', CM योगी के अयोध्या दौरे से पहले बोले अवधेश प्रसाद, राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर फिर घेरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे को लेकर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि उनका यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे की डकैती हुई है। देश के करोड़ों-करोड़ों प्रभु श्री राम के प्रति आस्थावान लोगों की भावनाओं को चोट पहुंची है।
- भारत
- 4 min read

Awadhesh Prasad on CM Yogi Ayodhya Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मंगलवार (8 सितंबर) को अयोध्या दौरे पर रहेंगे, जिसे लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे में हुई कथित हेराफेरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ऐसे समय पर अयोध्या आ रहे हैं, जब प्रभु श्री राम के दरबार में डकैती हुई है। इस चोरी के कारण देश के करोड़ों राम भक्तों की आस्था और भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस महापाप के असली गुनहगार भाजपा और संघ परिवार से ही जुड़े लोग हैं, जिन्हें मौजूदा सरकार बचाने का प्रयास कर रही है।
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'मुख्यमंत्री का अयोध्या दौरा कोई नया नहीं है। यह उनकी बड़ी कृपा है कि वे कई बार प्रभु श्री राम के मंदिर में आते हैं, लेकिन इस बार उनका यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब राम मंदिर के चंदे और चढ़ावे की डकैती हुई है। वे ऐसे समय पर आ रहे हैं जब देश के करोड़ों-करोड़ों प्रभु श्री राम के प्रति आस्थावान लोगों की भावनाओं को चोट पहुंची है।'
चढ़ावा चोरी के असली आरोपी भाजपा के लोग- अवधेश
उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा, 'वे ऐसे समय पर आ रहे हैं जब चढ़ावा और चंदा चोरी के असली आरोपियों, जो भाजपा और संघ परिवार के ही लोग हैं, उन्हें सरकार बचाने का काम कर रही है।'
सपा सांसद ने महंगाई के मुद्दे पर भी घेरा
अवधेश प्रसाद ने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा, 'आज मुख्यमंत्री यहां ऐसे समय पर आ रहे हैं कि महंगाई के कारण चारों तरफ त्राहि-त्राहि है। चीनी का दाम 70 रुपये किलो हो गया है। हर चीज महंगी हो चुकी है। लोगों का जीवन यापन कठिन हो गया है।'
Advertisement
किसानों की परेशानी का किया जिक्र
इतना ही नहीं उन्होंने किसानों की परेशानी का जिक्र करते हुए सरकार को घेरा। अवधेश प्रसाद ने कहा, 'आज वे ऐसे समय पर आ रहे हैं कि किसान बहुत परेशानी में है। लोकसभा में भी इस मामले को उठाया गया था, लेकिन आज वैसी ही बनी हुई है।' उन्होंने कहा कि उनका दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब नौजवान और छात्र पढ़ने- लिखने के बाद अपनी डिग्री जलाने की चाहत रख रहा है। आत्महत्या करने की सोचने लगा है। चारों तरफ कानून व्यवस्था फेल है। हत्याएं हो रही हैं।'
चुनावी तैयारियों के लिए आ रहे सीएम- अवधेश
अवधेश प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री ऐसे समय पर आ रहे हैं जब लोगों का पीडीए पर विश्वास बढ़ा है और मौजूदा सरकार पर से घटा है। चुनाव नजदीक है, इसलिए मुख्यमंत्री की परेशानियां बढ़ गई हैं। वे चुनावी तैयारियों के लिए आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि जानकारी मिल रही है कि एक सप्ताह से ज्यादा समय से 8-10 जिले के अधिकारी और कर्मचारी केवल उनकी सभा को कामयाब करने की तैयारियों में जुटे रहे है। बाढ़ को लेकर कोई चिंता नहीं है, जनता की समस्याओं की कोई फिक्र नहीं है, केवल आंगनबाड़ी समारोह की तैयारियों में लगे हैं।
Advertisement
उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर आंगनबाड़ियों की महिलाओं और बहनों को विशेष तौर पर सम्मान दिया जाएगा। उनका वेतन बढ़ाया जाएगा।
CM योगी आंगनबाड़ी वर्कर्स को करेंगे संबोधित
बता दें कि सीएम योगी आज आयोध्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के प्रदेशव्यापी सम्मेलन में शामिल होंगे। यहां वह राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को संबोधित और सम्मानित करेंगे। इसके बाद शाम 4 बजे के बाद वह हेलीकॉप्टर से अयोध्या धाम के लिए रवाना होंगे। यहां वह हनुमान गढ़ी में दर्शन पूजन करेंगे। इसके बाद राम जन्मभूमि परिसर में रामलला के दर्शन-पूजन करेंगे।