आज गुजरात दौरे पर PM मोदी, वडोदरा-नवसारी को देंगे सौगात, टिकट खिड़की खुलते ही 'हाउसफुल' हुआ इवेंट
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए वडोदरा शहर पूरी तरह से सज-धज कर तैयार है। यहां आयोजन को लेकर लोगों में भारी उत्सुकता है। आलम यह है कि कार्यक्रम के लिए BookMyShow पर डिजिटल रजिस्ट्रेशन खोला गया था, जहां महज एक घंटे में सभी सीटें फुल हो गईं।
- भारत
- 3 min read

PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी मंगलवार को गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह वडोदरा और नवसारी में अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। साथ ही 35,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। राज्य के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि लोगों में इस आयोजन को लेकर भारी उत्सुकता है। जैसे ही कार्यक्रम की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हुई, महज एक घंटे के भीतर ही पूरा शो 'हाउसफुल' हो गया।
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने कहा, 'प्रधानमंत्री मोदी आज देशवासियों के लिए 35,000 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की भेंट लेकर वडोदरा आ रहे हैं। वडोदरा के नागरिकों ने इस मौके पर 'नमो फॉर विकसित भारत' नाम का एक खास कार्यक्रम आयोजित किया है। इस कार्यक्रम की सोच वाकई अनोखी है। जब योजना बनना शुरू हुई, तो यह तय किया गया कि टिकट बुकिंग के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जाए ताकि हर किसी को इसमें शामिल होने का मौका मिल सके। बुकिंग शुरू होने के सिर्फ एक घंटे के अंदर ही सभी सीटें फुल हो गईं।'
PM मोदी के दौरे को लेकर जबरदस्त उत्साह
उन्होंने आगे कहा, 'हमें बहुत सारे अनुरोध मिले और हमने क्षमता बढ़ाने की कोशिश की। कल देर रात तक 42,000 से ज्यादा लोग वेटिंग लिस्ट में हैं उन्होंने भी आयोजन में शामिल होने का विशेष प्रयास किया है। इसे ध्यान में रखते पूरी टीम ने उनके बैठने की और व्यवस्था की है। मेरा मानना है कि यह अब तक का सबसे अनोखा कार्यक्रम है।'
पीएम मोदी के स्वागत की खास तैयारी
हर्ष सांघवी ने बताया, 'खासकर वडोदरा के गांव से लेकर शहर की गलियों तक नागरिकों ने साथ मिलकर पीएम मोदी के दिल के सबसे करीब मिशन 'स्वच्छ भारत' यानी स्वच्छता के माध्यम से प्रधानमंत्री का स्वागत करने का निर्णय लिया है। पिछले एक सप्ताह से शहर से लेकर गांव तक के नागरिकों ने स्वच्छता के लिए अपना समय दिया है, जो अपने आप में एक बहुत बड़ी बात है।'
Advertisement
BookMyShow पर महज एक घंटे में हाउसफुल
उन्होंने बताया कि रिजस्ट्रेशन में युवाओं ने बड़ी संख्या में दिलचस्पी दिखाई है। गृहमंत्री कहते हैं, 'यह कार्यक्रम सभी के लिए है। यह कार्यक्रम विकास परियोजनाओं को लेकर है। लेकिन लोगों में प्रधानमंत्री की झलक पाने का उत्साह बिल्कुल अलग है। एक घंटे में हाउसफुल हो जाए, ऐसा तो शायद ही देश और दुनिया ने देखा होगा।'
PM के स्वागत में सजा वडोदरा शहर
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए वडोदरा शहर पूरी तरह से सज-धज कर तैयार है। यहां सड़कों पर रंग-बिरंगी लाइटें, बड़े-बड़े कटआउट्स और होर्डिंग्स लगाए गए हैं। ऐतिहासिक इमारतों को स्पेशल लाइटिंग से रोशन किया गया है। इतना ही नहीं, पहली बार किसी प्रधानमंत्री के लिए BookMyShow प्लेटफॉर्म के लिए फ्री डिजिटल रजिस्ट्रेशन भी खोला गया है।
Advertisement
नवसारी में जनसभा को करेंगे संबोधित
इसके बाद वे वडोदरा से नवसारी के लिए रवाना होंगे, जहां वे जिला बीजेपी कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह के बाद वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। नवसारी के कार्यक्रमों को संपन्न करने के बाद वे सूरत जाएंगे और वहां से मुंबई के लिए निकल जाएंगे।
'ग्लोबल फिनटेक फेस्टिवल 2026' में होंगे शामिल
मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 'ग्लोबल फिनटेक फेस्टिवल 2026' में शामिल होंगे, जहां वे 'ग्लोबल फिनटेक फेस्टिवल 2026' में शामिल होंगे और क्षेत्र के वैश्विक दिग्गजों को संबोधित करेंगे।