रात को चाय-नूडल्स खाकर सोया था परिवार, सुबह बिस्तर पर मिली पति-पत्नी समेत 3 बच्चों की लाश; ग्रेटर नोएडा में 5 मौतों से इलाके में कोहराम
ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की लाश मिलने से सनसनी मच गई है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं।
- भारत
- 2 min read
Greater Noida: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीगोपाल गांव में एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मरने वालों में माता-पिता समेत तीन बच्चे शामिल हैं। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार की सुबह काफी देर तक परिवार नहीं उठा। इस पर पड़ोसियों को शक हुआ। जब आसपास के लोग उन्हें जगाने पहुंचे, तब दरवाजा अंदर से बंद था। जांच के बाद पति-पत्नी और तीनों बच्चों के शव बिस्तर पर मिले।
पति-पत्नी समेत 3 बच्चे मृत मिले
घटना की जानकारी पुलिस को 17 अक्टूबर की सुबह मिली। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी के साथ-साथ एंबुलेंस समेत फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम भी पहुंची। मृतकों की पहचान महेश, उनकी पत्नी ललिता, बेटे लड्डू, बेटी मिष्टी और महज तीन साल के बेटे साक्षात के रूप में हुई है।
मेले से लौटकर परिवार ने खाए थे नूडल्स
फिलहाल, पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। वहीं घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे परिवार मेला देखकर घर लौटा। घर पहुंचने पर परिवार ने खाने में मैगी और चाय बनाई। इसके बाद परिवार के सभी लोगों ने एक साथ नूडल्स और चाय का सेवन किया और सोने चले गए।
Advertisement
फूड पॉइजनिंग से गई 5 जानें?
इसके बाद अगली सुबह परिवार के सभी पांचों सदस्य मृत मिले। इसी के बाद आनन-फानन में मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। शुरुआती जांच में यह मामला फूड पॉइजनिंग बताया जा रहा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आखिर पांचों की मौत का असल कारण क्या है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक जांच के आधार पर सामने आएगी। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गई है। रिपोर्ट के आधार और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।