'ये मेरी Last Story, मैं इस दुनिया को छोड़कर...', 19 साल की लड़की ने इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट; सिर्फ 8 मिनट में UP पुलिस ने ऐसे बचाई जान

मेटा कंपनी (फेसबुक–इंस्टाग्राम) के अलर्ट पर उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ पुलिस ने 19 वर्षीय युवती की जिंदगी मात्र 8 मिनट में बचा ली।

Follow : Google News Icon  
UP Police saved Girl
प्रतीकात्मक तस्वीर | Image: AI/ANI

मेटा कंपनी (फेसबुक–इंस्टाग्राम) के अलर्ट पर उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ पुलिस ने 19 वर्षीय युवती की जिंदगी मात्र 8 मिनट में बचा ली। आपको बता दें कि युवती ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा था कि वो दुनिया को छोड़कर अपनी अम्मी के पास जा रही है।

3 अप्रैल को आजमगढ़ की थाना सिधारी निवासी युवती ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “मैं भी और मेरी स्टोरी भी लास्ट है, क्यूंकि मैं जा रही हूं अपनी अम्मी के पास”। इस मैसेज के साथ उसने घर में रखी सभी दवाओं की गोलियां एक साथ खा ली।

उस पोस्ट को आत्महत्या से जुड़ा खतरे वाला कंटेंट चिन्हित करते हुए मेटा कंपनी ने रात 10:18 बजे ई‑मेल के माध्यम से लखनऊ पुलिस मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर को अलर्ट भेजा। इस अलर्ट में युवती के मोबाइल नंबर और लोकेशन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

आजमगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण के निर्देश पर सोशल मीडिया सेंटर ने तत्काल युवती की लोकेशन ट्रेस करके जनपद आजमगढ़ पुलिस को सूचित किया। थाना सिधारी के उपनिरीक्षक, महिला उपनिरीक्षक और पुलिसकर्मियों ने मुख्यालय से प्राप्त लोकेशन के आधार पर मात्र 8 मिनट में युवती के घर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।

Advertisement

युवती के परिजनों को उसकी वीडियो पोस्ट की जानकारी देते ही उसे तत्काल उसके कमरे में देखा गया, जहां वह जोर‑जोर से रो रही थी और पेट और गला पकड़कर दबा रही थी। इसी बीच वह बेहोश हो गई।

अस्पताल ले जाकर जान बचाई

पुलिसकर्मियों ने तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था करके बेहोश युवती को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां युवती की जान बच गई। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस की पूछताछ में युवती ने बताया कि उसकी मां का निधन हो चुका है और उसके अन्य करीबी भी उसे अकेला महसूस कराते हैं। कुछ दिन पहले खाना बनाने को लेकर उसकी बहन से विवाद हुआ, जिसके बाद परिवार में अक्सर झगड़े होते रहते। इसी कारण वह लंबे समय से मानसिक रूप से आहत थी, जिसने उसे आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर किया।

Advertisement

स्थानीय पुलिसकर्मियों ने युवती और उसके परिजनों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाते हुए काउंसलिंग का समर्थन भी किया। युवती ने भविष्य में ऐसा कोई जोखिम भरा कदम नहीं उठाने का आश्वासन दिया। परिजनों ने आज की तत्परता और सहयोग के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को धन्यवाद दिया और कहा कि इस कार्रवाई ने उनके परिवार का भविष्य बचा लिया।

यूपी पुलिस ने कुल 2427 व्यक्तियों की जान बचाई

उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी के बीच 2022 से चल रही व्यवस्था के तहत फेसबुक और इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ी पोस्ट होने पर मेटा द्वारा यूपी पुलिस को ई‑मेल और फोन के माध्यम से अलर्ट भेजा जाता है। 1 जनवरी 2023 से 31 मार्च 2026 तक इस पहल के तहत आत्महत्या संबंधी अलर्ट पर तत्काल कार्रवाई करके यूपी पुलिस ने कुल 2427 व्यक्तियों की जान बचाई है।

इस नवीन पहल “मेटा सुसाइडल अलर्ट” के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को प्रतिष्ठित SKOCH Award‑2025 और The Economic Times GovTech Awards‑2026 से सम्मानित किया जा चुका है। 

ये भी पढ़ेंः अमेरिकी सेना ने अपने ही प्लेन को उड़ाया? रेस्क्यू ऑपरेशन की Inside Story

Published By :
Kunal Verma
पब्लिश्ड