अपडेटेड 4 June 2024 at 23:18 IST
उत्तर प्रदेश : कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद मामले में 6 जून को होगी सुनवाई
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने मथुरा स्थित कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद मामले में मंगलवार को सुनवाई की अगली तिथि छह जून तय कर दी।
- भारत
- 2 min read

इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने मथुरा स्थित कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद मामले में मंगलवार को सुनवाई की अगली तिथि छह जून तय कर दी।
शाही ईदगाह के वकील महमूद प्राचा ने रामपुर लोकसभा सीट पर मंगलवार को मतगणना होने का हवाला देते हुए इस मामले की सुनवाई टालने का अनुरोध किया था। प्राचा इस सीट से निर्दलीय उम्मीदवार हैं। उन्होंने सुनवाई की तिथि पांच जून के बाद तय करने का अनुरोध किया था।
महमूद प्राचा के अनुरोध पर नई तारीख तय
हालांकि, प्राचा के इस अनुरोध पर हिंदू पक्ष ने आपत्ति जताई लेकिन याचिकाकर्ता द्वारा दी गयी दलील पर विचार करते हुए न्यायमूर्ति मयंक कुमार जैन ने सुनवाई की अगली तारीख छह जून तय कर दी।
Advertisement
इससे पहले अदालत ने हिंदू और मुस्लिम पक्षों की दलीलें सुनने के बाद 31 मई को कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह मस्जिद विवाद मामले में अपना निर्णय सुरक्षित रख लिया था।
शाही मस्जिद को हटाकर मंदिर बनाने की मांग पर सुनवाई
Advertisement
शाही मस्जिद को हटाकर उसके स्थान पर मंदिर बनाने की मांग वाले हिंदू पक्ष के 18 मुकदमों के खिलाफ प्रतिवादियों ने लिखित जवाब दाखिल किया है। हालांकि, बाद में शाही ईदगाह मस्जिद के वकील महमूद प्राचा की ओर से अर्जी दाखिल कर उनका पक्ष सुने जाने का अनुरोध किए जाने पर अदालत ने इस मामले में फिर से सुनवाई शुरू की।
इस आदेश के बाद मुस्लिम पक्ष को इन 18 मुकदमों की पोषणीयता को चुनौती देने का और एक मौका मिलेगा।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 4 June 2024 at 23:18 IST