अपडेटेड 28 August 2025 at 22:02 IST

50% ट्रंप टैरिफ पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का हमला, बोले- भारत की ताकत उसके खेतों में है, देश आत्मविश्वास से भरा है

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमेरिका के ट्रंप टौरिफ पर जोरदार हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की ताकत उसके खेतों में है। देश आत्मविश्वास से भरा है।

Follow : Google News Icon  
Union Minister Shivraj Singh Chauhan's Convoy Met With Accident In MP's Sehore, 3 Cops Injured
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान | Image: File Photo

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमेरिका के ट्रंप टौरिफ पर जोरदार हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत की ताकत उसके खेतों में है। देश आत्मविश्वास से भरा है। दरअसल, अमेरिका लगातार मनमाना टैरिफ लगाकर भारत को दबाने की कोशिश कर रहा है। वहीं भारत अमेरिका के सामने घुटने ना टेकने की कसम खा रखी है। ऐसे में केंद्रीय मंत्री का ये पोस्ट सामने आया है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "भारत की ताकत उसके खेतों में है, भारत की गति उसके गांवों में है, भारत का आत्मविश्वास किसान के श्रम में है। आज हमारे अन्न के भंडार भरे हैं, हम अपनी जरूरतें पूरी करने में तो सक्षम हैं ही, और विश्व का ‘फूड बास्केट’ भी बन रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि गेहूं और मक्का का रिकॉर्ड उत्पादन सिर्फ आंकड़ा नहीं है, किसानों के परिश्रम की विजय है। हम केवल उत्पादन नहीं कर रहे, हम दुनिया को यह बता रहे हैं कि, भारतीय किसान आने वाले युग का नेतृत्व करने को तैयार है। गांव की हमारी बहनें, लखपति दीदी के रूप में अर्थव्यवस्था को नई गति दे रही हैं। उनके हाथों में आत्मनिर्भरता का स्वप्न है, उनके श्रम में समृद्धि का संकल्प है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनके सामर्थ्य से गांव नवाचार और उद्यमिता का केंद्र बन रहे हैं। हम आगे बढ़ रहे हैं, हम बदल रहे हैं, हम संकल्प से सिद्धि की ओर जा रहे हैं। बता दें, केंद्रीय मंत्री का बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब ट्रंप लगातार भारत पर दबाव बना रहे हैं। ऐसे में शिवराज सिंह चौहान के इस बयान को अमेरिका के 50% टैरिफ से जोड़कर देखा जा रहा है।

Advertisement

भारत सक्षम और आत्मविश्वास से भरा है: शिवराज सिंह चौहान

वहीं दूसरी पोस्ट में उन्होंने लिखा, "भारत सक्षम है, आत्मविश्वास से भरा है। जिंदगी को वही गढ़ते हैं, जो शिलाएं तोड़ने का साहस रखते हैं। आज का भारत वही है जो चुनौतियों को अवसर में बदलना जानता है, जो कठिनाइयों से जूझकर और निखरता है। आज का भारत आत्मविश्वास से भरा है, आज का भारत सक्षम है, आज का भारत अपना रास्ता खुद बनाना जानता है।

उन्होंने कहा कि हम आगे बढ़ रहे हैं, और भी तेजी से आगे बढ़ेंगे। रास्ते की कोई भी रुकावट इतनी बड़ी नहीं कि हमें रोक सके। भारत ने विज्ञान में नई ऊंचाइयां छुई हैं। चंद्रयान-3 ने चांद पर कदम रखा, आदित्य-एल1 सूर्य का रहस्य जान रहा है।

Advertisement

भारत जिस तरह से विज्ञान के क्षेत्र में तरक्की कर रहा है, उसे लेकर उन्होंने कहा कि हमारी गगनयान यात्रा सितारों की ओर उड़ान भरने को तैयार है। भारत कृषि में नए प्रयोग कर रहा है, डिजिटल भुगतान में दुनिया को राह दिखा रहा है, स्टार्टअप और नवाचार से युवाओं का आत्मविश्वास बुलंद कर रहा है। खेती में किसान का परिश्रम, सीमा पर जवान का शौर्य, प्रयोगशालाओं में वैज्ञानिक का ज्ञान, और कारखानों निर्माण स्थलों पर श्रमिकों का पसीना इन्हीं के बल पर नया भारत आकार ले रहा है।

केंद्रीय कृषि मंत्री ने आगे कहा कि खेलों में भारत का परचम लहरा रहा है, ओलंपिक और विश्व प्रतियोगिताओं में हमारे खिलाड़ी स्वर्णिम अध्याय लिख रहे हैं। विश्व मंच पर भारत की आवाज बुलंद है। G20 की अध्यक्षता से लेकर ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के मंत्र तक भारत पूरी दुनिया को जोड़ने वाला पुल बन चुका है। हर क्षेत्र में भारत अपनी क्षमता साबित कर रहा है। यह नया भारत है जो सपने भी देखता है, और उन्हें साकार करना भी जानता है।

इसे भी पढें: Sambhal Violence: तुर्क और पठान में वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा थी संभल हिसा? न्यायिक आयोग की रिपोर्ट में क्या-क्या खुलासे

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 28 August 2025 at 22:02 IST