'इसमें हमारा कोई लेनादेना नहीं, उन्हें जो भी जांच करनी है कर लें लेकिन बेवजह चरित्र हनन...', दिशा सालियान मामले पर आई उद्धव ठाकरे की प्रतिक्रिया
दिशा सालियन मौत मामले में CBI द्वारा दर्ज FIR में शिवसेना-UBT नेता आदित्य ठाकरे के नाम आने के बाद अब उनके पिता और पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने ने कहा कि यह मामला पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है।
- भारत
- 3 min read

शिवसेना (UBT) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दिशा सालियान मामले पर अपना रुख साफ करते हुए कहा है कि इस पूरे प्रकरण से उनका या उनके परिवार का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने यहां तक कहा दिया कि इस केस भी कल को आप सभी के भी नाम आ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है और अगर इस तरह के आरोप लगाए जाते रहे, तो हमें भी कानूनी कदम उठाने पड़ेगा।
उद्धव ठाकरे ने आगे कहा कि इस तरह की घटना होना ही बहुत बुरा है, लेकिन इसमें हमारा नाम क्यों लिया जा रहा है?” उन्होंने आगे कहा कि जांच के लिए SIT बनाई गई है, वह अपना काम करे, लेकिन बेवजह चरित्र हनन न किया जाए। अगर ऐसा जारी रहा तो उन्हें कानूनी कदम उठाने पड़ सकते हैं। उद्धव ठाकरे ने साफ किया कि उनकी दिशा सालियान से कभी कोई मुलाकात नहीं हुई और न ही कोई संबंध रहा।
यह राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है-उद्धव ठाकरे
पिछले छह सालों से इस मामले पर मीडिया ट्रायल चल रहा है। प्रतिक्रियाएं आती हैं और फिर पीड़ित के पिता बयान देते हैं। अब तक वे चुप थे। यह राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित है, इसलिए अब हमारा नाम लिया जा रहा है। कब तक सहन करते रहेंगे? उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा, 'हम चुप थे, बेवजह चरित्रहनन बहुत हो गया, बस वरना हम भी कानूनी रास्ते से जाएंगे। हमारा उससे कोई संबंध नहीं है। इससे पहले आदित्य ठाकरे भी कह चुके हैं कि वे दिशा सालियान से कभी नहीं मिले और न ही उनकी कोई पहचान थी।
सतीश सालियान का उद्धव ठाकरे को जवाब
वहीं, दिवंगत दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने उद्धव ठाकरे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “आप अपने बेटे को संभाल कर रखो। आप उसे गलत काम क्यों करने देते हैं? जब कोई गलत काम करेगा तो बदनामी तो होगी ही, खासकर तब जब वह इतने बड़े पद पर हो। उसे मंत्री क्यों बनाया? मंत्री जनता की सुरक्षा करने के लिए बनता है, लोगों को खराब करने के लिए नहीं।”
Advertisement
आदित्य ठाकरे को भेजा मानहानि नोटिस
दिशा के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और एनसीपी नेता व महाराष्ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख को 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भी भेजा है। इस नोटिस में दोनों के कुछ बयानों को लेकर आपत्ति जताई गई है। दिशा के पिता ने दोनों नेताओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने, उनके बयानों को वापस लेने और 500 करोड़ रुपये का हर्जाना देने की मांग की है। इसके लिए दोनों को 7 दिन का समय दिया गया है।