महाराष्ट्र के नांदेड में दर्दनाक घटना, मजदूरों के ले जा रहा ट्रैक्टर कुएं में गिरा, 7 लोगों की मौत
महाराष्ट्र के नांदेड में दर्दनाक घटना हुई है। यहां मजदूरों को लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर कुएं में गिर गया। हादसे में 7 लोगों की मौत होने की जानकारी दी है।
- भारत
- 2 min read

Maharashtra News: महाराष्ट्र के नांदेड में दर्दनाक घटना हुई है। यहां मजदूरों को लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर कुएं में गिर गया। हादसे में 7 लोगों की मौत होने की जानकारी दी है। 3 महिलाओं को जिंदा निकाल लिया गया है। पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर हैं और बाकी लोगों को बचाने की कोशिश जारी है।
घटना को लेकर जानकारी आई कि एक ट्रैक्टर में कुछ महिला मजदूरों को हिंगौली जिले के एक एरिया से लाया जा रहा था। ये हिंगोली के वासमत तालुका के गुंज गांव की महिला मजदूर थीं। जब ट्रैक्टर नांदेल जिले के आलेगांव शिवरा के पास पहुंचा तो ड्राइवर ने एकाएक नियंत्रण खो दिया। इससे ट्रैक्टर कुए में जा गिरा। हादसे के कुछ देर बात ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोगों ने मौके पर बचाव कार्य शुरू कर दिया। इन लोगों ने दो महिलाओं और एक पुरुष को बचा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि 8 लोग अभी भी कुएं में डूबे हुए हैं। बाद में जानकारी आई कि इनमें से 7 लोगों की मौत हो चुकी है।
कुएं में पानी और गाद से रेस्क्यू में दिक्कत!
बताया जाता है कि जिस कुएं में ट्रैक्टर गिरा, उसमें भारी मात्रा में पानी और गाद है, जिससे मजदूरों को बचाने के प्रयास में बाधा आई। ट्रैक्टर पूरी तरह से कुएं में डूब गया। मजदूरों को बचाने के लिए कुएं में रस्सी डाली गई और प्रशास ने फंसे मजदूरों को जल्द से जल्द बाहर निकालने का प्रयास किया। घटना में कुल 7 लोगों की मौत की फिलहाल जानकारी है। पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद है और कुएं में गिरे लोगों को बचाने की कोशिश जारी है।