मध्य प्रदेश: कुएं में डूबने से 8 लोगों की मौत, सफाई करने उतरे शख्स के बचाने के चक्कर में हादसा
खंडवा में कुएं के अंदर जहरीली गैस से दम घुटने के कारण 8 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सभी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए देने की घोषणा की है।
- भारत
- 3 min read

Khandwa News : मध्य प्रदेश के खंडवा में बड़ा हादसा हो गया है। यहां कुएं की सफाई करने उतरे 8 लोगों की मौत हो गई। गणगौर माता के विसर्जन के लिए पहले 3 लोग कुएं की सफाई करने उतरे थे और उसके बाद उन्हें बचाने गए 5 लोगों की भी कुएं में जहरीली गैस से दम घुटने से मौत हो गई। ग्रामीणों की मदद से पुलिस, प्रशासन और एसडीईआरएफ की टीम ने करीब 3 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी 8 शवों को कुएं से बाहर निकाल लिया है।
ये पूरा मामला कोंडावत गांव का है। जहां गणगौर विसर्जन की तैयारी चल रही थी। खंडवा SP मनोज कुमार राय ने बताया कि कल गणगौर माता का विसर्जन होना है। परंपरागत रूप से यह गांव के बीच में स्थित इस कुएं में किया जाता है। 3 लोग कुएं की सफाई करने के लिए उतरे थे, जब वे डूबने लगे, तो उन्हें बचाने के लिए 5 और लोग अंदर गए। दुर्भाग्य से, वे सभी अंदर फंस गए।
मुआवजे का ऐलान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस हादसे पर दुख जता है। सीएम ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सभी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की मदद राशि देने की घोषणा की है। सीएम ने X पर लिखा कि गणगौर विसर्जन के लिए कुएं की सफाई करने उतरे एक व्यक्ति के दलदल में फंसने पर बचाने के कोशिश में एक के बाद एक कुएं में उतरे अन्य 7 लोगों की भी जहरीली गैस से दम घुटने के कारण मौत हो गई।
इन लोगों ने गवाई जान
इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की पहचान राकेश पिता हरी पटेल, वासुदेव पिता आसाराम पटेल, अर्जुन पिता गोविंद पटेल, गजानंद पिता गोपाल पटेल, मोहन पिता मंसाराम पटेल, अजय पिता मोहन पटेल, शरण पिता सुखराम पटेल और अनिल पिता आत्माराम पटेल के रूप में हुई है।