अपडेटेड 2 June 2025 at 14:48 IST

सिक्किम में लैंडस्‍लाइड की चपेट में मिलिट्री कैंप तबाह, 3 जवान शहीद; 6 लापता

सिक्किम में भारी बारिश के चलते छातेन स्थित एक सैन्‍य शिविर लैंड स्‍लाइड के चपेट आ गया। इसमें तीन जवानों की मौत हो गई है जबकि 6 जवान लापता बताए जा रहे हैं।

Follow : Google News Icon  
Three dead, six missing after landslide hits army camp in Sikkim
सिक्किम में लैंडस्‍लाइड की चपेट में मिलिट्री कैंप तबाह, 3 जवान शहीद; 6 लापता | Image: X

सिक्किम में भारी बारिश के चलते छातेन स्थित एक सैन्‍य शिविर लैंड स्‍लाइड के चपेट आ गया। इसमें तीन जवानों की मौत हो गई है जबकि 6 जवान लापता बताए जा रहे हैं। एक रक्षा अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। रक्षा अधिकारी ने एक बयान में बताया कि तीन शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि चार लोगों को मामूली चोटों आई हैं। उन्होंने कहा, “चुनौतियों भरे हालात में बचाव दल लापता छह जवानों की तलाश में जुटा है।”आपको बता दें कि सिक्किम में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है।

वहीं मणिपुर में पिछले चार दिनों में लगातार मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ से 3,365 घर क्षतिग्रस्त हुए हैं। ऐसे में लोगों की मुश्किलों को कम करने के लिए 31 राहत शिविर कैंप खोले गए हैं। सिक्किम सहित पूर्वोत्तर के राज्यों में पिछले 4 दिनों से भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाओं में अब तक 37 लोगों की जान गई है। इसमें असम में 10, अरुणाचल प्रदेश में 9, मिजोरम में 5 और मेघालय में 6 मौतें शामिल हैं। सिक्किम में अक्टूबर, 2023 को बादल फटने के बाद तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आने से 18 लोगों की मौत हो गई थी। कम से कम 98 लोग लापता हो गए थे, जिसमें सेना के 22 जवान शामिल थे। इनका कुछ पता नहीं चल पाया था।

IMD ने जारी किया अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगन जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। अगले 24 घंटों के लिए ग्यालशिंग, नामची, सोरेंग, गंगटोक और पाकयोंग के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। बीआरओ ने बताया कि लगातार भारी बारिश के बाद 30 मई को अचानक बादल फट जाने से उत्तरी सिक्किम में काफी नुकसान हुआ है।

Advertisement

इस दौरान 130 मिमी से अधिक की वर्षा हुई और लाचेन, लाचुंग, गुरुदोंग्मर, द वैली ऑफ फ्लावर्स और जीरो प्वाइंट सहित प्रमुख पर्यटक स्थलों की ओर जाने वाले मार्गों पर काफी क्षति हुई। आपदा की वजह से कई जगहों पर सड़कों में दरारें आ गईं, पुलों को नुकसान हुआ और बड़े पैमाने पर अहम रास्तों पर भूस्खलन हुआ जिसमें डिकु-सिनकलंग -शिपगियर रोड, चुंगथांग-लेशेन-ज़ेमा रोड और चुंगथांग-लाचुंग रोड शामिल हैं।

Advertisement

इसे भी पढ़ें- दिल्ली में कोरोना का अटैक, बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा नए केस दर्ज
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 2 June 2025 at 14:27 IST