थीम टी-शर्ट और मेडल लॉन्‍च...‘डोंबिवलीकर फ्रेंडशिप रन’ के तीसरे संस्करण की तारीख आई सामने, 29 नवंबर को होगा आयोजन

स्वास्थ्य, मित्रता और एकजुटता का संदेश देने वाले ‘डोंबिवलीकर फ्रेंडशिप रन’ का तीसरा संस्करण आगामी 29 नवंबर 2026 को डोंबिवली में आयोजित किया जाएगा।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Dombivlikar Friendship Run
Dombivlikar Friendship Run | Image: Instagram

स्वास्थ्य, मित्रता और एकजुटता का संदेश देने वाले ‘डोंबिवलीकर फ्रेंडशिप रन’ का तीसरा संस्करण आगामी 29 नवंबर 2026 को डोंबिवली में आयोजित किया जाएगा। ‘डोंबिवली शहर का उत्सव’ की संकल्पना पर आधारित इस आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। दुर्गाष्टमी के अवसर पर भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एवं डोंबिवली के विधायक रविंद्र चव्हाण के हाथों ‘नमो रमो नवरात्रि’ के प्रांगण में इस उपक्रम की थीम टी-शर्ट और मेडल का अनावरण किया गया।

‘कल्याण डोंबिवली रनर्स’ (KDR) की ओर से तथा ‘डोंबिवलीकर एक सांस्कृतिक परिवार’ के सहयोग से इस आयोजन का संचालन किया जा रहा है। शहर के नागरिकों को एक साथ लाना, महाराष्ट्र के धावकों को एक मंच उपलब्ध कराना तथा दौड़ के माध्यम से स्वास्थ्य, मित्रता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। इस वर्ष ‘डोंबिवली शहर का उत्सव’ की संकल्पना के माध्यम से डोंबिवली की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला के प्रति लगाव, खेलों के प्रति प्रेम और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता की झलक देखने को मिलेगी।

विधायक रविंद्र चव्हाण ने कहा, “‘डोंबिवलीकर फ्रेंडशिप रन’ केवल दौड़ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि शहर के नागरिकों को एक साथ जोड़ने वाला उत्सव है। इस वर्ष के आयोजन के माध्यम से फिटनेस और मित्रता के साथ-साथ डोंबिवली की संस्कृति का सुंदर संगम अनुभव करने का अवसर मिलेगा। नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धावकों का उत्साह बढ़ाएं और डोंबिवली की एकजुटता का उत्सव मनाएं।”

जानिए पिछले दो संस्‍करणों का हाल

Advertisement

कल्याण-डोंबिवली सहित पूरे महाराष्ट्र के धावकों से उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त करने वाले इस आयोजन के पिछले दो संस्करणों में लगभग 6,000 धावकों ने हिस्सा लिया था। इस वर्ष यह संख्या बढ़ाकर 10,000 तक पहुंचाने के लिए आयोजक प्रयासरत हैं। यह जानकारी कल्याण डोंबिवली रनर्स की ओर से रविंद्र सकपाल ने दी।

कल्याण डोंबिवली रनर्स की ओर से सूरज शेट्टी ने बताया, “सभी आयु वर्गों के पेशेवर धावकों के साथ-साथ फिटनेस प्रेमियों, परिवारों और बच्चों को भी इसमें भाग लेने का अवसर मिले, इस उद्देश्य से इस रनिंग इवेंट में 21.1 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की टाइम रन तथा 5 किलोमीटर और 1.6 किलोमीटर की फन रन सहित कुल 5 श्रेणियां रखी गई हैं। टाइम रन के विजेताओं के लिए लगभग 3 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।”

Advertisement

उन्होंने आगे बताया, “विशेष बात यह है कि 8 से 16 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए 1.6 किलोमीटर की फन रन पूरी तरह निःशुल्क रखी गई है। कम उम्र से ही बच्चों में मैदानी गतिविधियों और व्यायाम के प्रति रुचि विकसित हो, साथ ही उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक तंदुरुस्ती का महत्व स्थापित हो, इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। आयोजकों ने अधिक से अधिक बच्चों और परिवारों से इस स्वास्थ्यवर्धक आयोजन में भाग लेने की अपील की है। आयु वर्ग के अनुसार पुरस्कार राशि और विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट तथा इंस्टाग्राम पेज पर उपलब्ध कराई गई है।”

इसे भी पढ़ें- अनंत सिंह को JDU ने 6 साल के लिए पार्टी से निकाला, नियमों के उल्लंघन का लगाया आरोप; विधायकी खत्म करने के लिए भी स्पीकर को लिखा पत्र

Published By:
 Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड