अनंत सिंह को JDU ने 6 साल के लिए पार्टी से निकाला, नियमों के उल्लंघन का लगाया आरोप; विधायकी खत्म करने के लिए भी स्पीकर को लिखा पत्र
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने अनंत कुमार सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अनंत सिंह की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए उन्हें अगले छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
- भारत
- 2 min read

बिहार की राजनीति से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने मोकामा से विधायक अनंत कुमार सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में अनंत सिंह की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए उन्हें अगले छह वर्षों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा की ओर से 24 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश में कहा गया है कि अनंत सिंह पिछले कुछ दिनों से लगातार पार्टी के निर्देशों की अवहेलना कर रहे थे। इसके साथ ही शीर्ष नेतृत्व के लिए अमर्यादित और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने तथा हाल ही में संपन्न विधान परिषद चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ काम करने और दूसरे दल के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने का आरोप भी लगाया गया है।
विधायकी रद्द करने के लिए पार्टी ने स्पीकर को लिखा खत
इसके अलावा अनंत सिंह की पत्नी एवं पूर्व विधायक नीलम देवी को भी छह वर्ष के लिए जेडीयू से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। साथ ही अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता खत्म करने के लिए पार्टी ने स्पीकर को भी पत्र लिखा है। हालांकि, पार्टी से निष्कासन और विधानसभा की सदस्यता समाप्त होना अलग-अलग विषय हैं। अनंत सिंह की विधायकी पर अंतिम निर्णय विधानसभा अध्यक्ष को नियमानुसार लेना होगा।
Advertisement
नीरज का विरोध करने पर जेडीयू से निकाले गए अनंत सिंह
मोकामा विधायक अनंत सिंह ने हाल ही में हुए बिहार विधान परिषद चुनाव में पटना स्नातक सीट से एमएलसी उम्मीदवार नीरज कुमार का खुलकर विरोध किया था। उन्होंने पार्टी लाइन से बाहर जाकर जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह को समर्थन दिया और उनके पक्ष में प्रचार भी किया। पूरे चुनाव में अनंत और नीरज के बीच तीखी बयानबाजी सुर्खियों में रहीं।
Advertisement
एमएलसी चुनाव की वोटिंग होने के अगले दिन ही पार्टी ने अनंत सिंह पर ऐक्शन ले लिया। हालांकि, अनंत ने शुक्रवार को कहा था कि वह चाहते हैं पार्टी उन पर कार्रवाई करे। एमएलसी चुनाव का रिजल्ट 27 अक्टूबर को आएगा।