अपडेटेड 16 January 2026 at 22:12 IST
BMC Election Results: 'सुशासन के एजेंडे को मिला जनता का आशीर्वाद', BMC चुनाव में जीत पर PM मोदी का पोस्ट, बोले- Thank You Maharashtra
महाराष्ट्र के निकाय चुनाव के नतीजों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान सामने आया है। पीएम मोदी ने महाराष्ट्र की जनता को एनडीए को जीत दिलाने के लिए आभार व्यक्त किया है।
- भारत
- 3 min read

महाराष्ट्र के निकाय चुनाव के नतीजों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान सामने आया है। पीएम मोदी ने महाराष्ट्र की जनता को एनडीए को जीत दिलाने के लिए आभार व्यक्त किया है। वहीं, एक्स पर किए गए एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा है कि राज्य की उत्साही जनता ने एनडीए के जनहितकारी और सुशासन के एजेंडे को अपना आशीर्वाद दिया है।
उन्होंने आगे लिखा है कि विभिन्न महानगरपालिका चुनावों के परिणाम यह दिखाते हैं कि महाराष्ट्र की जनता के साथ एनडीए का संबंध और अधिक मजबूत हुआ है। हमारे अनुभव और विकास की दृष्टि ने जनता के मन को भाया है। महाराष्ट्र की समस्त जनता के प्रति मैं मन से आभार व्यक्त करता हूं। यह फैसला प्रगति को और गति देने वाला, राज्य से जुड़े गौरवशाली संस्कृति का उत्सव मनाने वाला है।
पीएम मोदी ने X पर क्या लिखा
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, 'धन्यवाद महाराष्ट्र! राज्य के मेहनती लोगों ने NDA के जन-समर्थक सुशासन के एजेंडे को आशीर्वाद दिया है। अलग-अलग नगर निगम चुनावों के नतीजे बताते हैं कि महाराष्ट्र के लोगों के साथ NDA का रिश्ता और मजबूत हुआ है। हमारा ट्रैक रिकॉर्ड और विकास का विजन लोगों को पसंद आया है। पूरे महाराष्ट्र के लोगों का मैं आभारी हूं। यह वोट प्रगति को गति देने और राज्य की शानदार संस्कृति का जश्न मनाने के लिए है।'
Advertisement
अमित शाह ने बताया ऐतिहासिक सफलता
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि महाराष्ट्र के नगर निगम चुनावों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की प्रचंड जीत यह बताती है कि देश के कोने-कोने की जनता का विश्वास सिर्फ और सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए की विकास नीति पर है।
Advertisement
उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक सफलता, महायुति सरकार द्वारा प्रदेश में किए गए विकास और जनकल्याण के कार्यों पर जनता की मुहर है। इस अपार समर्थन के लिए महाराष्ट्र की जनता का हृदयपूर्वक आभार। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और भाजपा-शिवसेना के सभी कार्यकर्ताओं को इस जीत की हार्दिक बधाई।
इससे पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वीडियो कॉल के जरिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण और मुंबई इकाई के अध्यक्ष अमित साटम को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री फडणवीस ने रविंद्र चव्हाण के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, 'आदरणीय रविंद्र चव्हाण जी, आपको बहुत-बहुत बधाई। आपके नेतृत्व में पार्टी ने पूरे महाराष्ट्र में उल्लेखनीय जीत हासिल की है। यह वास्तव में एक ऐतिहासिक और शानदार विजय है। मैं दिल से आपको बधाई देता हूं।'
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 16 January 2026 at 22:12 IST