तेलंगाना के सूर्यापेट में भीषण सड़क हादसा, ट्रक में बस ने मारी जोरदार टक्कर, 6 की मौत, कई घायल; बस में 40 से ज्यादा यात्री थे सवार
तेलंगाना के सूर्यापेट में एक प्राइवेट ट्रैवल बस चलते हुए ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
- भारत
- 3 min read

तेलंगाना के सूर्यापेट में बुधवार सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार यात्री बस अचानक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में कुल 43 यात्री सवार थे। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। दुर्घटना दुर्गापुरम स्टेज के पास हुई है।
सूर्यापेट जिले के कोदाड मंडल स्थित द्वारकुंटा के पास हैदराबाद-विजयवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। एक प्राइवेट ट्रैवल्स बस और लोहे की रॉड से लदे कंटेनर के बीच हुई भीषण टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी यात्री बस
हादसा बुधवार सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बस में कुल 43 यात्री सवार थे और यह हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
CM रेवंत रेड्डी ने हादसे पर जताया दुख
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने सूर्यपेट जिले में हुई सड़क दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने मुख्य सचिव को घायलों के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। राहत-बचाव कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
Advertisement
लोहे से लदे कंटेनर में बस ने मारी टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निजी ट्रैवल्स की यह बस यात्रियों को लेकर हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु की ओर जा रही थी। कोदाड मंडल के द्वारकुंटा के पास पहुंचते ही बस ने आगे चल रहे लोहे से लदे कंटेनर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कंटेनर के पीछे निकली लोहे की भारी-भरकम छड़ें बस का अगला हिस्सा और शीशा तोड़ते हुए सीधे यात्रियों की सीटों तक घुस गईं। कई यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
क्षतिग्रस्त बस के मलबे में फंसे यात्री
हादसे के तुरंत बाद बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। कई यात्री क्षतिग्रस्त बस के मलबे और सीटों के बीच बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से करीब एक घंटे से अधिक समय तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। गैस कटर और अन्य उपकरणों की मदद से बस के हिस्सों को काटकर फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।