मैडम नहीं... रोते-बिलखते सिर्फ एक रट लगाए रहा LKG का छात्र, बेरहम टीचर का नहीं पिघला दिल; चांटे ने ले ली मासूम की जान
विशाखापत्तनम में होमवर्क न करके आने पर एक बेरहम टीचर ने सारी हदें पार कर दी। टीचर ने न सिर्फ बच्चे को डांट लगाई, बल्कि उसे थप्पड़ भी जड़ा। इसके बाद बच्चा टीचर की गोद में गिर पड़ा।
- भारत
- 2 min read

LKG student Death: खेलने-कूदने की उम्र में एक बेरहम टीचर तमाचे ने किसी के घर का चिराग हमेशा के लिए बुझा दिया। टीजर ने महज होमवर्क न करके आने के मामूली कसूर पर LKG क्लास के नन्हे बच्चे को ऐसा थप्पड़ जड़ा कि उस मासूम की जान ही चली गई। शिक्षा के मंदिर में घटी पूरी घटना क्लासरूम में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका दिल दहला देने वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि टीचर के पास कतार में बच्चे खड़े हैं। सबसे आगे खड़े बच्चे को टीचर बेहद डांट रही है। इसमें दिखाई दे रहा है कि टीचर ने बच्चे को कॉलर से पकड़ा, उसके कपड़े उतारने की कोशिश की और उसे थप्पड़ भी जड़ा। आरोप है कि टीचर ने ऐसा होमवर्क न करके आने पर बच्चे को शर्मिंदा करने के लिए किया।
बेरहम टीचर के थप्पड़ ने ली मासूम की जान
वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि बच्चा रोते-रोते अपने हाथ से इशारा करते हुए टीचर को पिटाई करने के लिए मना कर रहा है। लेकिन बेरहम टीचर ने उसकी एक न सुनी। पिटाई के बाद बच्चा बेसुध होकर टीचर की गोद में ही गिर पड़ा। परिजनों का आरोप है कि टीचर की पिटाई से बच्चा इतना डर गया कि उसे हार्ट अटैक आ गया।
कहां की है दिल दहला देने वाली घटना?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम के प्राइवेट स्कूल लिटिल गार्डन्स की है। जहां 6 साल का मृतक प्रणय तेजा यूकेजी क्लास में पढ़ाई करता था। बच्चे के गिरते ही उसे आनन-फानन में किंग जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Advertisement
बच्चे की मौत से सदमे में परिवार
फिलहाल परिवार में गहरा शोक छाया हुआ है। बेटे के चले जाने से परिजन गहरे सदमे में हैं। इस असहनीय दुख के बीच, वे टीचर के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। पुलिस ने बच्चे की मौत की वजह की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।