'NTA ने सबक नहीं सीखा, ये दुख की बात', NEET पेपर लीक मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, सरकार से नोटिस जारी कर मांगा जवाब
NEET Paper Leak: सुप्रीम कोर्ट ने नीट पेपर लीक पर सुनवाई करते हुए NTA को फटकार लगाई। साथ ही केंद्र सरकार, एनटीए और सीबीआई को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामले में अगली सुनवाई 29 मई को होगी।
- भारत
- 3 min read

Supreme Court on NEET Paper Leak: नीट यूजी पेपर लीक मामले में सोमवार (25 मई) को सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की। कोर्ट ने इस बात का दुख जताया कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने पिछली पेपर लीक की गलतियों से सबक नहीं लिया। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और एनटीए को नोटिस जारी कर कई याचिकाओं पर जवाब मांगा है।
इनमें से एक याचिका 'यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट' (UDF) की है, जिसमें NEET-UG 2026 परीक्षा का पेपर लीक होने के मामले में NTA को भंग करने और सुप्रीम कोर्ट के किसी पूर्व जज की अध्यक्षता वाली एक कमेटी की निगरानी में दोबारा परीक्षा कराने की मांग की गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने लगाई फटकार
जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा की अध्यक्षता वाली बेंच ने टिप्पणी करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के पहले के दखल के बावजूद NTA ने कोई सबक नहीं सीखा है। बेंच ने NTA को एक हलफनामा (affidavit) दाखिल करने का निर्देश दिया, जिसमें उस 'निगरानी कमेटी' (Monitoring Committee) के संबंध में उसकी स्थिति स्पष्ट की जाए, जिसका गठन इस मुद्दे पर कोर्ट के निर्देशों के बाद किया गया था।
29 मई को होगी अगली सुनवाई
कोर्ट ने कहा कि हम यह भी निर्देश देते हैं कि के. राधाकृष्णन को निगरानी कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया जाए, जो कोर्ट के निर्देशों के पालन का संकेत होगा। इस मामले की अगली सुनवाई शुक्रवार (29 मई) को होगी।
Advertisement
मनीषा को कोर्ट में किया गया पेश
इस बीच नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने सोमवार को आरोपी मनीषा संजय हवलदार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया है। कोर्ट ने मनीषा को 6 दिन की पुलिस हिरासत में CBI को सौंप दिया है। सीबीआई ने अदालत को बताया कि आरोपी एनटीए के पैनल में शामिल एक फिजिक्स ट्रांसलेटर है। उसके वकील ने रिमांड की अर्जी का पुरजोर विरोध किया। अदालत ने मामले पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया।
बता दें कि नीट यूजी 2026 परीक्षा का आयोजन 3 मई 2026 को हुआ था, लेकिन पेपर लीक के कथित आरोपों के चलते 12 मई को इसे रद्द कर दिया गया। NTA ने 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा आयोजित कराने का ऐलान किया।