Maharashtra: 6 बागी सांसद शिवसेना में आधिकारिक रूप से शामिल, शिंदे ने 'ऑपरेशन टाइगर' को बताया सफल
Maharashtra Politics: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ग्रुप को बड़ा झटका लगा है। 6 बागी सांसदों ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में आधिकारिक रूप से शिवसेना में शामिल हो गए हैं। इस मौके पर शिंदे ने 'ऑपरेशन टाइगर' को सफल बताया है।
- भारत
- 3 min read

Maharashtra Politics: पिछले कई दिनों से महाराष्ट्र की राजनीति में चल रहे सियासी हलचल के बीच आज 22 जून, सोमवार को शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ग्रुप को बड़ा झटका लगा है। शिवसेना UBT के 6 बागी सांसदों ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम लिया। माया नगरी मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इन सांसदों ने शिंदे की मौजूदगी में इसका ऐलान किया।
शिवसेना में शामिल होने वाले सांसदों में संजय हरिभाऊ जाधव, भाऊसाहेब राजाराम वाकचौरे, ओमप्रकाश भूपालसिंह निंबालकर, संजय दीना पाटिल, संजय उत्तमराव देशमुख और नागेश बापुराव पाटिल आष्टीकर शामिल हैं। ये सभी पहले शिवसेना UBT के नेता और हिस्सा थे।
मूल शिवसेना को बचाना है-एकनाथ शिंदे
बागी सांसदों के शामिल होने के बाद मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एकनाथ शिंदे ने कहा ' छह शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) सांसदों ने शिवसेना में शामिल हो गए हैं और उन्होंने कहा कि यह 2022 के राजनीतिक विभाजन की निरंतरता है जिसका उद्देश्य "मूल शिवसेना को बचाना" है।' आगे उन्होंने कहा 'सांसदों ने किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं बल्कि अपने निर्वाचन क्षेत्रों के विकास के लिए पार्टी में शामिल हुए हैं।'
बालासाहेब की विचारधारा को संरक्षित करना जरूरी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एकनाथ शिंदे ने आगे कहा 'आज हम इन सभी छह कट्टर शिवसैनिक सांसदों का बालासाहेब ठाकरे और आनंद दिघे की मूल शिवसेना में स्वागत करते हैं। 2022 में हमने एक विद्रोह किया था, जिसमें 40 विधायक हमारे साथ जुड़े थे, और वह बालासाहेब की शिवसेना को बचाने के लिए था। यह उसी आंदोलन का दूसरा चरण है। हम यहां शिवसेना और बालासाहेब की विचारधारा को संरक्षित करने के लिए हैं, और इसलिए इन सांसदों ने मूल शिवसेना में शामिल होने का फैसला किया है।'
Advertisement
'ऑपरेशन टाइगर' सफल रहा
शिंदे ने कहा, “मैं पत्रकारों को यह भी बताना चाहता हूं कि आप लोग ऑपरेशन टाइगर आदि के नाम से जो कुछ भी प्रचार कर रहे हैं, मैंने कल भी आपसे कहा था कि मैं कोई भी काम अधूरा नहीं छोड़ता। और यह सब आज आपके सामने है। और यह ऑपरेशन टाइगर आपके सामने सफल साबित हुआ है। इन सभी छह सांसदों को नियम, संविधान और संसदीय नियमों के अनुसार हमारी पार्टी में शामिल कर लिया गया है।'
हमारे साथ तीन संजय हैं-एकनाथ शिंदे
एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पर निशाना साधते हुए कहा 'आज छह सांसद हमारे साथ शामिल हुए हैं। तो हमारे साथ तीन संजय हैं। हमारे साथ एक और संजय राठौड़ (विधायक) भी हैं। जब हमारे साथ संजय हैं, तो किसी और संजय की बात करने की जरूरत नहीं है, और आप जानते हैं कि मैं किसकी बात कर रहा हूं।
Advertisement
अपने निर्वाचन क्षेत्र की बेहतरी के लिए हमारे साथ आए हैं-एकनाथ शिंदे
शिंदे ने कहा, “ओमराजे निम्बालकर अपने कार्यकर्ताओं से सलाह मशवरा करने के बाद बड़े दिल से आए। लोग उन्हें 'रील स्टार' कहते हैं, लेकिन मेरे हिसाब से वो असली स्टार हैं। ये सभी लोग अपने निजी स्वार्थ या फायदे के लिए नहीं, बल्कि अपने निर्वाचन क्षेत्र की बेहतरी के लिए हमारे साथ आए हैं।
2022 में हमने जो भी फैसला लिया, जनता ने उसे स्वीकार किया और उसके बाद हम जनता की अदालत में गए, जहां चुनावों में जनता ने हमें मंजूरी दी। जब हमने विद्रोह किया था तब हमारे पास 40 विधायक थे, लेकिन बाद में चुनावों में हम 40 से बढ़कर 60 हो गए।'