टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: एक संदिग्ध शख्स हिरासत में, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, अब तक क्या-क्या हुआ?
Tiger Shroff Firing: रविवार शाम जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर अचानक फायरिंग हुई। हालांकि, इस फायरिंग में टाइगर सुरक्षित रहे। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया के माध्यम से ली है। इस मामले में अब तक क्या-क्या हुआ आइए जान लेते हैं।
- भारत
- 5 min read
Tiger Shroff Firing: आर्थिक राजधानी यानि मुंबई एक बार फिर उस समय दहल उठी, जब रविवार (18 अक्टूबर) की शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर अचानक फायरिंग हुई। पुलिस के अनुसार जुहू इलाके में उनकी कार पर करीब 3-4 राउंड फायरिंग की गई। हालांकि, गनीमत रही कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित रहे। हालांकि, इस बीच गोलीबारी में दो लोग घायल हो गए हैं। घायलों में एक ड्राइवर फिरदौस, जिनके हाथ में चोट आई है, वहीं दूसरे घायल शख्स का भी अस्पताल में इलाज जारी है।
टाइगर श्रॉफ पर हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया के माध्यम से ली है। गैंगस्टर अनिल पंडित और हरमन संधु के नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई है। इस बीच इस गोलीबारी में पुलिस के एक संदिग्ध शख्स को हिरासत में लिया है। वहीं, सीएम फडणवीस ने टाइगर श्रॉफ से फोन पर बातचीत कर हालचाल जाना। आइए जान लेते हैं कि अब तक इस मामले में क्या-क्या हुआ?
एक संदिग्ध शख्स हिरासत में
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। जांच के दौरान पुलिस ने पूछताछ के लिए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। वहीं, इस घटना के बाद करीब 15 विशेष टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया है। इस बीच महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा पुलिस और सरकार आरोपी को बख्शेगी नहीं।
CM फडणवीस ने टाइगर श्रॉफ से की बात
घटना के तुरंत बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ को फोन किया और उनसे बात की। इस दौरान उन्होंने उन्हें भरोसा दिलाते हुए कहा, "हम सब आपके साथ हैं। हम जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगाकर उन्हें पकड़ लेंगे।"
Advertisement
वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना के बारे में जानकारी लेने के लिए मुंबई पुलिस कमिश्नर को फोन किया। उन्होंने पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिया कि वे मामले की जल्द जांच करें और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
पुलिस और सरकार आरोपी को बख्शेगी नहीं-डिप्टी CM शिंदे
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "मैंने टाइगर श्रॉफ और उनके पिता जैकी श्रॉफ से बात की है। मैंने टाइगर से कहा है कि वे चिंता न करें—सरकार उनके साथ है, घबराने की कोई बात नहीं है। हम सभी मशहूर हस्तियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे, और सरकार उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अगर कोई किसी को डराने या धमकाने की कोशिश करता है, तो पुलिस और सरकार उसे बख्शेगी नहीं।"
Advertisement
तीन से चार राउंड फायरिंग की गई
इससे पहले वहीं, मुंबई पुलिस के अनुसार टाइगर श्रॉफ की कार पर तीन से चार राउंड फायरिंग की गई। उन्हें देखने के लिए वहां भारी भीड़ जमा थी। भीड़ के बीच से ही उनकी कार पर कई राउंड गोलियां चलाई गईं। टाइगर श्रॉफ को कोई गोली नहीं लगी है, हालांकि, इस बीच ड्राइवर फिरदौस, जिनके हाथ में चोट आई है, वहीं दूसरे घायल शख्स का भी अस्पताल में इलाज जारी है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली गोलीबारी की जिम्मेदारी
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हुए अनिल पंडित अमोल बिश्नोई ने फेसबुक पर लिखा " जय महाकाल...., जय श्री राम।
राम राम जी सभी भाइयों को जो आज ये टाइगर श्रॉफ का, काम हुआ है इसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पांडे और हरमन, संधु लेते लेते हैं, इसको हमने कॉल करके समझाया था पर इसको, समझ नहीं आई इसलिए आज इसको बढ़िया तरह ही समझा दिया, और जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं, सुनेगा या सलाम खान के साथ काम करेगा अगला नंबर, Hai Wait and watch। Note= और कुछ दूसरे ग्रुप के कुते जो हमारे नाम से फेम लेने की, सोचते है इनको जल्दी ही मार के फेमस करेंगे।" हालांकि, इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
टाइगर श्रॉफ पर कब हुआ हमला?
डीसीपी मोहित गर्ग ने बताया, "यह घटना करीब 7 बजे हुई। कुछ अज्ञात लोग मौके पर आए और टाइगर श्रॉफ पर तब गोली चलाई, जब वे एक निजी कार्यक्रम से निकल रहे थे। टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी है। वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं: एक उनके ड्राइवर, फिरदौस हैं, जिनके हाथ में चोट आई है।
ताजा जानकारी के अनुसार, वे खतरे से बाहर हैं। दूसरे घायल व्यक्ति चौहान हैं, जिनका फिलहाल इलाज चल रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए, मुंबई पुलिस ने कई टीमें तैनात की हैं और जांच में पुलिस की विभिन्न शाखाएं शामिल हैं। एक फॉरेंसिक टीम ने शुरुआती जांच की है। जैसे-जैसे और जानकारी मिलेगी, आपको बता दिया जाएगा।"