'शरद पवार NDA में आ सकते हैं, एकनाथ शिंदे उनसे मिलने गए थे, अगर पहले आते तो राष्ट्रपति...', सियासी अटकलों के बीच रामदास अठावले के सनसनीखेज खुलासे
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने ऐसा बयान दिया है, जिसने विपक्षी खेमे में भी हलचल मचा दी है। उन्होंने कहा है कि शरद पवार NDA में शामिल हो सकते हैं, इसलिए एकनाथ शिंदे उनसे मिलने गए थे।
- भारत
- 3 min read

महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ी सियासी हलचल की संभावना नजर आ रही है। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार की हालिया मुलाकात ने राज्य के सियासी गलियारों में नई अटकलों के बाजार गर्मा दिया है। हालांकि दोनों पक्षों ने इसे महज एक औपचारिक मुलाकात बताया, मगर इस मुलाकात ने राजनीतिक चर्चाओं को नई हवा दे दी है। अब इस पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले की प्रतिक्रिया आई है।
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने ऐसा बयान दिया है, जिसने विपक्षी खेमे में भी हलचल मचा दी है। अठावले ने दावा किया कि अगर शरद पवार ने 2014 में ही NDA का दामन थाम लिया होता, तो वे आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद यानी राष्ट्रपति पद पर आसीन होते। उन्होंने यह भी कहा कि शरद पवार अब भी NDA में शामिल हो सकते हैं।
NDA में शामिल होंगे शरद पवार-अठावले
रामदास अठावले ने कहा, "मुझे लगता है कि शरद पवार महाराष्ट्र के बहुत बड़े नेता हैं। मैंने कई बार शरद पवार को NDA में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था। अगर वे 2014 में NDA में शामिल हो जाते, तो देश के राष्ट्रपति भी बन सकते थे, लेकिन वे नहीं हुए। अब हालात बदल गए हैं। शरद पवार NDA में शामिल हो सकते हैं, इसीलिए एकनाथ शिंदे उनसे मिलने गए थे। उनके बीच क्या बातचीत हुई, यह पता नहीं है। अगर वे NDA में शामिल होते हैं, तो उनका स्वागत है।"
शिंदे-शरद पवार की मुलाकात से बढ़ी हलचल
बता दें कि बुधवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार ने महाराष्ट्र विधानसभा परिसर में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के केबिन में जाकर मुलाकात की थी। इस दौरान उनकी पार्टी के विधायक भी उनके साथ मौजूद थे। एकनाथ शिंदे ने अपने दफ्तर में शरद पवार का खास स्वागतत किया था। इस मुलाकात के बाज से ही राज्य की राजनीति में नई अटकलें शुरू हो गईं।
Advertisement
नए समीकरण की चर्चा शुरू
अब अठावले के इस बयान के बाद शिंदे-पवार मुलाकात को नए मायने सामने आ रहे हैं। अब सवाल है कि क्या शरद पवार NDA का दामन थामने वाले हैं या फिर महाराष्ट्र की सत्ता समीकरणों में कोई नया समीकरण बनने वाला है। फिलहाल इस मुलाकात पर अब एकनाथ शिंदे और शरद पवार की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है, यह देखने वाली बात होगी।