Jaipur: स्कूल बस को खाटूश्यामजी जा रही थी स्कॉर्पियो ने मारी सामने से टक्कर, पलट गए दोनों वाहन; 9 बच्चों की हालत गंभीर- VIDEO
जयपुर के जोबनेर-महलां हाईवे पर स्कूल बस और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद स्कूली बस पलट गई। हादसे में डेढ़ दर्जन बच्चे घायल हो गए, 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
- भारत
- 2 min read
राजस्थान के जयपुर में शनिवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। स्कूल बस और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 15 से अधिक बच्चे घायल हो गए, जिसमें 9 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस के अंदर फंसे बच्चों को बचाने के लिए स्थानीय लोग दौड़ पड़े।
जयपुर के जोबनेर-महलां हाईवे पर ऐसा सड़क हादसा हुआ जिसने हर किसी को हिलाकर रख दिया। सीमेंट फैक्ट्री के पास बच्चों से भरी टैगोर स्कूल की बाल वाहिनी बस और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गए और बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
टक्कर के बाद पलटी बस
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही जोबनेर पुलिस और एंबुलेंस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। करीब डेढ़ दर्जन स्कूली बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल जोबनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
9 बच्चों की हालत गंभीर
घायलों में 9 की हालत गंभीर बताई जा रही, उन्हें बेहतर ईलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है। बच्चों के अस्पताल पहुंचते ही परिजनों की भीड़ जुट गई और हर कोई अपने बच्चे की सलामती जानने के लिए परेशान नजर आया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार लोग चित्तौड़ से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे थे। स्कॉर्पियो सवार यात्रियों को भी चोटें आई हैं।
Advertisement
आखिर कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा?
प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, लेकिन हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका वास्तविक कारण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।