Rajasthan: सवाई माधोपुर में इंटर की छात्रा की संदिग्ध हालात में ट्यूबवेल के पास लटकी मिली लाश, पुलिस बता रही खुदकुशी
राजस्थान के पटेल नगर में ट्यूबवैल पर 12वीं पास किशोरी कल्पना मीणा का शव लटका हुआ मिला, इस तरह शव को लटका देख पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानें क्या है पूरा मामला? पढ़ें पूरी खबर।
- भारत
- 2 min read
Rajasthan Girl Hanging Incident: राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के पटेल नगर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जीवन ज्योति स्कूल के पास खाली प्लॉट में लगे ट्यूबवेल पर एक किशोरी का शव फंदे पर लटका मिला है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतका की पहचान कल्पना मीणा के रूप में हुई है। जो अभयपुरा गांव की रहने वाली थी और पटेल नगर में अपने ताऊ के यहां रहकर पढ़ाई करती थी। कल्पना ने हाल ही में 12वीं क्लास पास की थी और आगे की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।
देर रात अकेली निकली थी कल्पना
स्थानीय लोगों ने सुबह-सुबह शव देखा तो सब हैरान रह गए, इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को बुलाया गया, जिसने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कल्पना देर रात घर से अकेले निकली थी। पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
हर एंगल से की जा रही जांच
कोतवाली थानाधिकारी मदन लाल मीणा ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा। स्थानीय निवासी रजत भारद्वाज ने कहा कि इलाके में यह घटना काफी चौंकाने वाली है। किशोरी पढ़ाई में अच्छी थी और किसी तरह की परेशानी की बात किसी ने नहीं सुनी थी। पुलिस सभी संभावित कारणों का पता लगा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव सौंप दिया जाएगा। इस घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है।