Satya Niketan Building Collapse: दिल्ली पुलिस ने PG ऑपरेटर और ठेकेदार को किया गिरफ्तार, जानें अब तक क्या-क्या हुआ एक्शन
दिल्ली पुलिस ने सत्य निकेतन में इमारत गिरने के मामले में PG ऑपरेटर सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले बिल्डिंग के ठेकदार सनोज को भी गिरफ्तार किया गया है।
- भारत
- 3 min read

दिल्ली के सत्य निकेतन में बीते रविवार को एक बहुमंजिला इमारत ढहने की घटना के मामले में दिल्ली पुलिस का एक्शन जारी है। इस बिल्डिंग में PG चलता था। पुलिस ने अब PG ऑपरेटर सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया है। सुधांशु से पूछताछ जारी है और आगे की जानकारी बाद में साझा की जाएगी। इसके अलावा पुलिस ने बिल्डिंग के लेबर कॉन्ट्रैक्टर सनोज को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बिल्डिंग के ठेकदार सनोज को भी गिरफ्तार किया है। ये कॉन्ट्रैक्टर सत्य निकेतन की पीजी बिल्डिंग के बेसमेंट में मरम्मत का काम देख रहा था। दिल्ली पुलिस ने लेबर कांट्रेक्टर सनोज को उत्तर प्रदेश के कासगंज से कल हिरासत में लिया था। पूछताछ के बाद उसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है। सनोज से शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि जिस दिन इमारत गिरी, उस दिन बेसमेंट के फर्श की मरम्मत चल रही थी।
PG ऑपरेटर सुधांशु को गिरफ्तार
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि पिछले 8-10 दिनों से बारिश के कारण बिल्डिंग के बेसमेट में कचरा जमा हो गया था। साथ ही कमर्शियल मकसद से जगह बढ़ाने के लिए ग्राउंड फ्लोर की भी मरम्मत का काम हो रहा था। हादसे वाले दिन भी मजदूर काम पर लगे थे। हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है।
आरोपी महेश की कोर्ट में पेशी
सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना में आरोपियों में से एक महेश, जिसकी दो दिन की पुलिस कस्टडी आज खत्म हो रही है, उसे साउथ कैंपस पुलिस स्टेशन से कोर्ट में पेश करने के लिए ले जाया गया। महेश के साथ-साथ बिल्डिंग के एक कॉन्ट्रैक्टर और एक राजमिस्त्री को भी कोर्ट में पेश किया गया।
Advertisement
मामले में अब तक के बड़े एक्शन
मामले में अब तक कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बिल्डिंग की मालकिन उर्मिला और उनके पति हरिराम को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बिल्डिंग मालिक का बेटा भी पुलिस हिरासत में है। इस घटना के बाद दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने सख्त रुख अपनाते हुए साउथ जोन के डिप्टी कमिश्नर समेत चार अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है।
बगल की बिल्डिंग को गिराने का काम जारी
हादसे के बाद जर्जर और नियमों का उल्लंघन करने वाली इमारतों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में हादसे वाली इमारत के बगल की कमजोर और क्षतिग्रस्त बिल्डिंग को आज, 9 सितंबर को गिराया जा रहा है। बिल्डिंग को गिराने की तैयारी पिछले दिनों से ही चल रही है। MCD ने पहले ही बिल्डिंग मालिक को नोटिस जारी कर दिया था। इस इमारत में भी PG चल रहा था। अधिकारियों ने इमारत को खाली करा लिया है और पीजी में रह रहे छात्रों का सामान बाहर निकालकर उन्हें सौंप दिया गया है।