मां ने मंगलसूत्र उतार फेंका तब भी नहीं माना कुणाल...iPhone नहीं बल्कि इस वजह से खत्म हुआ पूरा परिवार, मौत से पहले 5 सेकेंड की बात खोल रहे कई राज
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (तिसगांव इलाके) से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां खावड्या डूंगर (पहाड़ी) पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों - पिता, माता और 19 वर्षीय बेटे की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई।
- भारत
- 2 min read

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (तिसगांव इलाके) से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां खावड्या डूंगर (पहाड़ी) पर एक ही परिवार के तीन सदस्यों - पिता, माता और 19 वर्षीय बेटे की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। शुरुआती जांच में यह दावा किया गया था कि बेटे ने 'आईफोन' की जिद में यह खौफनाक कदम उठाया, लेकिन पुलिस जांच में इस दर्दनाक घटना की एक अलग ही सच्चाई सामने आई है।
डीसीपी रत्नाकर नवल ने साफ किया है कि कुणाल ने आईफोन के लिए आत्महत्या की कोशिश नहीं की थी, क्योंकि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उसके पास पहले से ही आईफोन था। असल में, कुणाल भारी मानसिक तनाव से गुजर रहा था। उन्होंने बताया कि "प्रारंभिक जांच में आईफोन के लिए जान देने वाली बात पूरी तरह निराधार पाई गई है। युवक गंभीर डिप्रेशन में था। पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया।"
मीडिया रिपोर्ट्स और रिश्तेदारों के अनुसार, चंदगुडे परिवार में पिछले कई सालों से अशांति थी। छह साल पहले बड़े बेटे की बीमारी से मौत के बाद से ही परिवार टूट चुका था। पिता मुरलीधर एक ट्रक ड्राइवर थे और अक्सर घर से बाहर रहते थे। कुणाल और उसके पिता के बीच जेब खर्च और मोबाइल की बकाया किस्तों को लेकर अक्सर तीखी बहस होती थी, जिसने कुणाल के तनाव को और बढ़ा दिया था।
मौत के वो आखिरी 5 सेकंड
Advertisement
शुक्रवार को पिता से विवाद के बाद कुणाल यह कहते हुए खावड्या डूंगर पहुंच गया कि, 'मेरी जिंदगी का कोई मतलब नहीं, मेरी कोई नहीं सुनता'। 10वीं में 92% अंक लाने वाला यह होनहार छात्र जिंदगी की जंग हार रहा था। वहां पहुंचकर मां संगीता ने उसे काफी समझाने की कोशिश की। उन्होंने उसे भरोसा दिलाने के लिए अपना मंगलसूत्र तक उतार कर फेंक दिया।
इसी बीच पिता मुरलीधर ने पीछे से कुणाल को पकड़कर बचाने का अचानक प्रयास किया। खींचतान में दोनों का संतुलन बिगड़ गया। पिता और पुत्र सीधे 150 फीट गहरी खाई में जा गिरे। अपने परिवार को आंखों के सामने खत्म होता देख, बदहवास मां संगीता ने भी उसी खाई में छलांग लगा दी और पल भर में पूरा परिवार खत्म हो गया।