अपडेटेड 16 January 2025 at 17:13 IST
सैफ अली खान के हमलावर की अब खैर नहीं! 80 एनकाउंटर करने वाला सुपरकॉप पहुंचा एक्टर के घर; नाम सुनकर कांपते हैं अपराधी
सैफ के बांद्रा स्थित घर में रात करीब 2 से 3 के बीच उनपर हमला हुआ। चोरी के इरादे से आए एक अज्ञात शख्स ने सैफ पर चाकू से 6 वार किए।
- भारत
- 4 min read

Saif Ali Khan Attacked: सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर में रात करीब 2 से 3 के बीच उनपर हमला हुआ। अभी तक जो जानकारी है उसके मुताबिक चोरी के इरादे से आए एक अज्ञात शख्स ने सैफ पर चाकू से 6 वार किए और भाग गया। सैफ को फौरन लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी सर्जरी की है और रीढ़ की हड्डी से 2.5 इंच का चाकू का टुकड़ा निकाला है। फिलहाल वो आईसीयू में हैं और खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
इस बीच खबर है कि सैफ पर हुए हमले की जांच क्राइम ब्रांच के जाने-माने अधिकारी और एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक को सौंपी गई है। एनकाउंटर स्पेशलिस्ट और क्राइम ब्रांच के अधिकारी दया नायक सैफ के घर के नीचे टीम के साथ स्पॉट किए गए। दया नायक को मुंबई पुलिस के जाबाज अधिकारियों में गिना जाता है। 90 के दशक में मुंबई से अंडरवर्ल्ड के खात्में के लिए दया नायक ने 80 से ज्यादा एनकाउंटर किए हैं। सैफ के घर के बाहर दया नायक के देखे जाने के बाद फैंस कह रहे हैं कि अब हमलावर की खैर नहीं है।
दया नायक...अपराधियों का काल
दया नायक कर्नाटक के उडुपी जिले से ताल्लुक रखते हैं। उनका जन्म कोंकणी भाषी परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम बड्डा नायक और मां का नाम राधा नायक है। दया ने अपनी 7वीं तक की शिक्षा कन्नड़ भाषा में प्राप्त की। परिवार की आर्थिक स्थिति सही न होने के कारण उन्होंने पढ़ाई छोड़कर नौकरी करने का फैसला किया।
Advertisement
1979 में दया नायक नौकरी की तलाश में मुंबई आ गए। मुंबई के एक होटल में उन्हें नौकरी मिल गई। नौकरी के साथ दया नायक ने अपनी पढ़ाई फिर से शुरू कर दी। मुंबई के गोरेगांव में स्थित एक स्कूल से उन्होंने 12वीं की डिग्री हासिल की और CES कॉलेज से उन्होंने स्नातक की पढ़ाई पूरी की। कॉलेज में पढ़ाई के दौरान दया नायक की मुलाकात नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों से हुई।
तभी से उन्होंने पुलिस में जाने का फैसला कर लिया। 1995 में पुलिस अकादमी से स्नातक करने के बाद दया नायक को जुहू पुलिस स्टेशन में बतौर सब इंस्पेक्टर नियुक्त किया गया। यह वही समय था जब मुंबई में अंडरवर्ल्ड का राज चलता था। खबरों की मानें तो 1996 में दया नायक ने मशहूर अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन के दो गुंडों को गोली मार दी थी। इसके बाद से मुंबई में दया नायक की लोकप्रियता परवान छूने लगी। रिपोर्ट्स की मानें तो दया नायक 80 से ज्यादा एनकाउंटर कर चुके हैं। यही वजह है कि उन्हें मुंबई पुलिस का एनकाउंटर स्पेशलिस्ट और अपराधियों का काल कहा जाता है।
Advertisement
महाराष्ट्र ATS में भी दे चुके हैं सेवा, विवादों में भी रहा है नाम
सुपरकॉप कहे जाने वाले दया नायक को मुठभेड़ों में कई अपराधियों को मार गिराने के लिए जाना जाता है। वह तीन साल तक महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) में भी अपनी सेवा दे चुके हैं। इसके अलावा दया नायक विवादों में भी रहे हैं। उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच हुई। 2004 में महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) कोर्ट ने भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को नायक की आय से अधिक संपत्ति की जांच करने का आदेश दिया था। नायक को एसीबी ने गिरफ्तार कर लिया था। 2012 में उन्हें अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिम) नियंत्रण कक्ष के पद पर बहाल किया गया था।
कैसे हुआ सैफ अली खान पर हमला
मुंबई के बांद्रा स्थित उनके घर पर गुरुवार को करीब 2 बजे अज्ञात हमलावर उनके घर में लूट के इरादे से घुसा और उन पर चाकू से हमला कर दिया। जिसके बाद घायल हालत में उनको मुंबई के लीलावती अस्पताल ले जाया गया और उनकी सर्जरी की गई। बांद्रा पुलिस मामले की जांच कर रही है और उनकी बिल्डिंग का सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
हैरानी की बात यह है कि चोर सैफ पर हमला कर वहां से भाग गया और वह किसी के हाथ तक नहीं आया। सैफ अली खान की पीआर टीम ने एक संदेश ने कहा कि सैफ अली खान के घर में चोरी की कोशिश की गई। वे फिलहाल अस्पताल में हैं और सर्जरी करवा रहे हैं। हम मीडिया और प्रशंसकों से अनुरोध करते हैं कि वे धैर्य रखें। यह पुलिस का मामला है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 16 January 2025 at 17:13 IST