अपडेटेड 27 March 2024 at 19:17 IST

दिल्ली के CM पद से अरविंद केजरीवाल देंगे इस्तीफा? हिन्दू सेना की याचिका पर सुनवाई कल

Delhi Liquor Scam: हिंदू सेना ने दिल्ली हाई कोर्ट में केजरीवाल के खिलाफ अपील दायर की है।

Follow : Google News Icon  
Arvind Kejriwal's Day 1 in ED lock-up
अरविंद केजरीवाल | Image: PTI

Delhi Liquor Scam: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का निर्देश देने वाली याचिका को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में कल सुनवाई होगी। आपको बता दें कि हिंदू सेना ने दिल्ली हाई कोर्ट में केजरीवाल के खिलाफ अपील दायर की है।

'केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा का प्रदर्शन'

इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों ने बुधवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और एक-दूसरे के खिलाफ नारे लगाए।

भाजपा विधायकों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया तो आप विधायकों तथा उनके समर्थकों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की।

केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया है। इस आबकारी नीति को बाद में रद्द कर दिया गया था।

Advertisement

दोनों ही दलों ने एक ही समय पर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर मार्च निकाला। पीली टी-शर्ट पहने आप नेता और कार्यकर्ता प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा विधायकों के पीछे-पीछे हो लिये। नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि केजरीवाल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

बिधूड़ी ने कहा, ‘‘ मुख्यमंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन पर भ्रष्टाचार के लगभग 12 आरोप हैं। अगर आबकारी नीति विश्वस्तरीय थी तो उन्होंने इसे वापस क्यों लिया? हम केजरीवाल के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।’’

Advertisement

इसी बीच, भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी दोपहर करीब 12 बजे विधानसभा परिसर के प्रवेश द्वार के बाहर मयूर विहार के लगभग 100 पार्टी कार्यकर्ताओं के एक समूह, पार्टी की महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ प्रदर्शन किया और केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की।

काले कपड़े पहने भाजपा कार्यकर्ता विधानसभा प्रवेश द्वार पर एकत्र हो गए और नारेबाजी करने लगे। सचदेवा नारे लगाते हुए द्वार पर चढ़ गए।

पुलिस ने उन्हें विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया। सुरक्षाकर्मियों ने मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और बाद में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।

सचदेवा ने कहा कि दिल्ली के लोग केजरीवाल सरकार के राजनीतिक नाटक से ऊब चुके हैं और दावा किया कि जनता आगामी लोकसभा चुनावों में आप-कांग्रेस गठबंधन को पूरी तरह से खारिज कर सबक सिखाएगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के दो मंत्री पहले से ही जेल में हैं और दावा किया कि फर्जी पत्र जारी करने के आरोप में आतिशी तथा सौरभ भारद्वाज भी जल्द ही जेल जा सकते हैं। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले आप विधायकों ने सदन के बाहर धरना दिया और नारे लगाते हुए केजरीवाल को ईडी की हिरासत से तुरंत रिहा करने की मांग की।

(इनपुटः PTI भाषा के साथ रिपब्लिक भारत)

ये भी पढ़ेंः पप्पू यादव के साथ हो गया खेला, कांग्रेस का थामा हाथ... लेकिन पूर्णिया से RJD ने बीमा को दे दिया टिकट

Published By : Kunal Verma

पब्लिश्ड 27 March 2024 at 18:13 IST