अपडेटेड 20 February 2025 at 09:32 IST
दिल्ली की पॉलिटिक्स में चमका रेखा गुप्ता का नाम, लिखी गई नारी शक्ति की दास्तान.. पिछली 3 महिला CM के बारे में भी जानें
शीला दीक्षित का जज्बा, सुषमा स्वराज की बेबाकी और आतिशी के शब्दों के वार के बाद अब रेखा गुप्ता के संकल्प से दिल्ली की हर एक गली में रेखा गुप्ता का नाम गूंजेंगा।
- भारत
- 4 min read

Delhi Women CM Rekha Gupta: शालीमार बाग से विधायक रेखा गुप्ता ने इतिहास के पन्नों पर अपना नाम दर्ज कर लिया है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से उनके नाम पर मुहर लगी और अब वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रही हैं।
शीला दीक्षित का जज्बा, सुषमा स्वराज की बेबाकी और आतिशी के शब्दों के वार के बाद अब रेखा गुप्ता के संकल्प से दिल्ली की हर एक गली में रेखा गुप्ता का नाम गूंजेंगा। रेखा गुप्ता दिल्ली की महिला सीएम की लिस्ट में शामिल हो गई हैं। रेखा गुप्ता दिल्ली की महिला चौथी सीएम बनी हैं। आइए जानते है दिल्ली की पिछली तीन महिला सीएम के बारे में जिसमें सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी का नाम शामिल है।
सुषमा स्वराज
बीजेपी ने सुषमा स्वराज को 1998 में दिल्ली का मुख्यमंत्री बनाकर इतिहास रच दिया था। हालांकि उनका कार्यकाल 52 दिनों का ही रहा। साहिब सिंह वर्मा के सीएम पद से हटने के बाद बीजेपी ने सुषमा स्वराज को सत्ता की कमान सौंपी। 12 अक्टूबर 1998 को सुषमा स्वराज ने दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। हालांकि, दो महीने के बाद विधानसभा चुनाव हुए तो बीजेपी को करारी मात खानी पड़ी और कांग्रेस सत्ता में वापसी करने में कामयाब रही।
शीला दीक्षित
दिल्ली की सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाली मुख्यमंत्री शीला दीक्षित थीं। उन्होंने 1998 से 2013 तक 15 सालों तक पद संभाला। 1998 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई और दिल्ली के मुख्यमंत्री पद पर शीला दीक्षित विराजमान हुई थी। शीला दीक्षित दिल्ली की दूसरी महिला मुख्यमंत्री बनी। इसके बाद कांग्रेस ने दिल्ली की सत्ता पर लगातार 15 साल तक राज किया और इस दौरान सत्ता की बागडोर शीला दीक्षित के हाथों में रही।1998, 2003 और 2008 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस शीला दीक्षित की अगुवाई में लड़ी और जीत दर्ज करने में कामयाब रही। कांग्रेस को इन दोनों चुनावों में शीला सरकार के दौरान कराए गए विकास कार्यों, मेट्रो प्रोजेक्ट और औद्योगिक क्षेत्र में मजदूर वर्ग को बढ़ावा देने के चलते जबरदस्त जीत मिली थी।
Advertisement
हालांकि, कॉमनवेल्थ गेम्स घोटाले और भ्रष्टाचार के आरोपों पर घिरने के बाद शीला दीक्षित की लोकप्रियता में खासी गिरावट देखी गई। इसमें एक बड़ी भूमिका अन्ना हजारे के जनलोकपाल कानून के लिए किए गए आंदोलन की भी रही।अरविंद केजरीवाल समेत उनकी आम आदमी पार्टी का उदय भी इसी आंदोलन के बाद हुआ था। 2013 के विधानसभा चुनाव में नई नवेली आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस से सत्ता छीन ली। इसके बाद दिल्ली की सत्ता में कांग्रेस कभी वापसी नहीं कर सकी। इतना ही नहीं 2015, 2020 और 2025 में कांग्रेस का दिल्ली में खाता तक नहीं खुल सका।
आतिशी
अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद सितंबर 2024 में आतिशी दिल्ली की मुख्यमंत्री बनीं। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से शिक्षा हासिल करने वालीं आतिशी का कार्यकाल 4 महीने 18 दिन का रहा।
उन्होंने दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और राष्ट्रीय राजधानी में शीर्ष पद संभालने वाली तीनों में से सबसे कम उम्र की महिला बन गईं। महिला मुख्यमंत्री के रूप में आतिशी ने बीजेपी की सुषमा स्वराज और कांग्रेस की शीला दीक्षित के पदचिन्हों पर चलने की कोशिश की।
Advertisement
दिल्ली में सियासी दलों को महिला सीएम क्यों पसंद
दिल्ली की सत्ता पर तीन दलों ने अभी तक राज किया है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और बीजेपी- तीनों ही दलों ने महिला मुख्यमंत्री बनाने का दांव चला है। कांग्रेस ने शीला दीक्षित को 15 साल तक महिला सीएम बनाए रखा था तो आम आदमी पार्टी ने आतिशी के रूप में महिला सीएम बनाई थी। आतिशी 152 दिन तक दिल्ली की सीएम रही। बीजेपी ने महिला सीएम के रूप में सुषमा स्वराज को सत्ता की बागडोर सौंपी थी तो अब रेखा गुप्ता को सीएम बनाया है। इस तरह दिल्ली में सभी तीनों प्रमुख दलों ने महिला सीएम का दांव चला है, जिसके पीछे आधी आबादी को साधने की स्ट्रैटेजी रही है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और बीजेपी महिला सीएम बनाकर दिल्ली के महिला मतदाताओं को लुभाने की रणनीति चलती रही हैं।
अब तक कौन-कौन दिल्ली में बना सीएम
रेखा गुप्ता दिल्ली की 8वीं मुख्यमंत्री हैं। अंतरिम सरकार के दो सीएम को जोड़ लें तो वह 10वीं मुख्यमंत्री हैं। दिल्ली में इससे पहले आतिशी, अरविंद केजरीवाल, शीला दीक्षित, सुषमा स्वराज, साहिब सिंह वर्मा, मदनलाल खुराना, गुरमुख निहाल सिंह और ब्रह्म प्रकाश को मुख्यमंत्री बनने का मौका मिला।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 20 February 2025 at 09:32 IST